यूपी में अगले 3 घंटे बेहद भारी! 14 जिलों में वज्रपात और मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों के लिए चेतावनी जारी

Heavy-rains-in-UP_1785896926655

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लगातार बदल रहे मौसम के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार सुबह प्रदेश के 14 जिलों के लिए वज्रपात और मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सुबह 7 बजे से 10 बजे के बीच इन इलाकों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

इन 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग के मुताबिक प्रतापगढ़, चित्रकूट, महोबा, बांदा, कौशांबी, हमीरपुर, फतेहपुर, जालौन, रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, झांसी, कानपुर देहात और उन्नाव में अगले तीन घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

आईएमडी ने कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, ललितपुर, इटावा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस, मथुरा, कासगंज, आजमगढ़, मऊ, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, औरैया, लखनऊ, कन्नौज, हरदोई, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बदायूं, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभल, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर शामिल हैं।

3 से 4 दिन तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश में अगले तीन से चार दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की भी संभावना है। विभाग के अनुसार मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर खिसकने और विभिन्न चक्रवाती परिसंचरण तंत्रों के प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी गतिविधियां तेज रहेंगी। इसी कारण 4 से 6 अगस्त के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अगस्त को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है।

तापमान में आएगी गिरावट

लगातार बारिश और सक्रिय मानसून के चलते अगले 48 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र