कोलंबिया में विमान हादसा: सांसद सहित 15 लोगों की मौत, राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने जताया शोक

नई दिल्ली: कोलंबिया में 28 जनवरी को एक भीषण विमान दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कोलंबिया की संसद के सदस्य डायोजनीज क्विंटरो भी शामिल हैं। यह दुर्घटना देश के उत्तर संतांदर क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में हुई, जो वेनेजुएला की सीमा के पास स्थित है। हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
हादसे का शिकार हुआ विमान कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन ‘सटेना’ का ट्विन इंजन वाला प्रोपेलर विमान था। विमान ने कुकुटा से उड़ान भरी थी और उसे ओकाणा में लैंड करना था। उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या आने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि टेकऑफ के करीब 12 मिनट बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क टूट गया, जिसके बाद खोज अभियान शुरू किया गया।
खोज अभियान में ग्रामीण इलाके से मिला विमान का मलबा
वायुसेना द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद विमान का मलबा ‘प्लाया डी बेलन’ के ग्रामीण इलाके में बरामद किया गया। दुर्घटनास्थल एंडीज पर्वतमाला का दुर्गम क्षेत्र बताया जा रहा है, जहां पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण था। यह इलाका नेशनल लिबरेशन आर्मी (ELN) के प्रभाव वाला क्षेत्र भी माना जाता है, जिससे राहत और जांच कार्य में अतिरिक्त कठिनाइयां सामने आईं।
सांसद डायोजनीज क्विंटरो समेत प्रमुख लोगों की मौत

मृतकों में 36 वर्षीय सांसद डायोजनीज क्विंटरो शामिल थे, जो कटाटुम्बो क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे। यह इलाका लंबे समय से संघर्ष और कोका खेती के लिए जाना जाता है। डायोजनीज क्विंटरो उन 16 सांसदों में से एक थे, जिन्हें इस क्षेत्र के लिए विशेष प्रतिनिधित्व मिला था। हादसे में आगामी चुनाव के उम्मीदवार कार्लोस साल्सेडो की भी मौत हो गई है, जिससे राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है।
राष्ट्रपति ने जताया शोक, जांच में जुटीं विमानन एजेंसियां
कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि सरकार इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ी है। वहीं, विमानन एजेंसियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हादसे की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।
