PM मोदी के पिता पर खड़गे की टिप्पणी से सियासी संग्राम, पटना में शिकायत दर्ज, आज देशभर में BJP का प्रदर्शन
पटना के कोतवाली थाने में खड़गे के खिलाफ शिकायत
मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर अभद्र तथा अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया।
यह विवाद खड़गे के पटना दौरे के दौरान एक कार्यक्रम में दिए गए बयान से जुड़ा है। कार्यक्रम में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान कथित गड़बड़ियों को लेकर खड़गे ने कहा था कि ऐसा करने वालों को जेल भेजा जाएगा। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कहा कि मोदी नहीं जाएंगे। इस पर खड़गे ने कथित तौर पर कहा, ‘मोदी का बाप भी जाएगा।’
देशभर में प्रदर्शन करेगी भाजपा, खड़गे का पुतला जलाने का ऐलान
भाजपा ने खड़गे की टिप्पणी को प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया है। पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणी के विरोध में सोमवार को देश के सभी राज्यों की राजधानियों में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा भाजपा ने पटना में भी विरोध प्रदर्शन की तैयारी की है। पार्टी ने 26 अक्टूबर को सुबह इनकम टैक्स सर्कल में मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला फूंकने का ऐलान किया है।
पवन खेड़ा का पलटवार, बोले- भाजपा और संघ के लोगों ने की बदतमीजी
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए खड़गे का बचाव किया है। कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि यह दूसरी बार है जब भाजपा और संघ के लोगों ने खड़गे के साथ बदतमीजी की है। उन्होंने उत्तराखंड में खड़गे के खिलाफ कथित शुद्धिकरण की घटना का भी जिक्र किया।
खेड़ा के मुताबिक, बिहार में भाषण के दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने खड़गे पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे, चाहे उनके पिता भी आ जाएं। उन्होंने दावा किया कि वरिष्ठ नेता के खिलाफ ऐसी भाषा के जवाब में खड़गे ने संघ और मोहन भागवत का संदर्भ देते हुए कहा था कि मोदी जाएंगे और उनके वैचारिक पिता भी जाएंगे।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश इस तरह की घटनाओं को कभी माफ नहीं करेगा।
भूपेश बघेल ने भी किया खड़गे का बचाव
कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का बचाव किया। उन्होंने सवाल उठाया कि इस टिप्पणी में गाली जैसी क्या बात है।
बघेल ने कहा कि जब खड़गे भाषण दे रहे थे, तब कोई व्यक्ति बीच में चिल्ला रहा था। उनके मुताबिक, यह बोलने का एक तरीका है और इस तरह की टिप्पणी को अपमान नहीं माना जाना चाहिए।
भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री पहले भी कई मौकों पर विवादित भाषा का इस्तेमाल कर चुके हैं। बघेल ने ‘50 करोड़ की गर्लफ्रेंड’, ‘जर्सी गाय’ और ‘मंगलसूत्र छीनने’ जैसे बयानों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि उस समय भाजपा के नेता चुप क्यों रहते हैं।
