PM मोदी का केरल दौरा: अमृत भारत ट्रेनों की सौगात, स्टार्टअप हब से लेकर रेहड़ी-पटरी वालों तक बड़ी घोषणाएं

pm-modi-kerala-visit-1769148370

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल दौरे पर रहे, जहां उन्होंने राज्य को विकास की कई अहम सौगातें दीं। इस दौरान उन्होंने तिरुवनंतपुरम में इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप हब का शिलान्यास किया, पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

केरल को मिली नई रेल कनेक्टिविटी की रफ्तार
प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम से 3 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों और एक नई यात्री ट्रेन को रवाना किया। इनमें नागरकोइल-मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम-तांबरम, तिरुवनंतपुरम-चार्लापल्ली रूट की अमृत भारत ट्रेनें और त्रिशूर-गुरुवयूर के बीच नई पैसेंजर ट्रेन शामिल है। इन सेवाओं से केरल समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों के बीच आवागमन और आसान होगा।

तिरुवनंतपुरम को स्टार्टअप हब बनाने की दिशा में कदम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिल रही है। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ-साथ तिरुवनंतपुरम को देश के बड़े स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि केरल की धरती से गरीब कल्याण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण शुरुआत भी की जा रही है।

पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड से रेहड़ी-पटरी वालों को राहत
प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया, जिससे देशभर के रेहड़ी-ठेले और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह यूपीआई लिंक्ड, ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है, जिससे जरूरत के समय तुरंत फंड उपलब्ध हो सकेगा और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा।

विकसित भारत के लक्ष्य में शहरों की बड़ी भूमिका
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरा देश मिलकर काम कर रहा है और इसमें शहरों की भूमिका अहम रही है। बीते 11 वर्षों में शहरी बुनियादी ढांचे में बड़े स्तर पर निवेश किया गया है, जिसका असर अब जमीन पर दिख रहा है।

केरल की राजनीति पर भी साधा निशाना
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि तिरुवनंतपुरम में बीजेपी-एनडीए की जनसभा को संबोधित करने को लेकर वह उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि हाल के नगर निगम चुनावों के नतीजे बताते हैं कि केरल एलडीएफ और यूडीएफ के बीच चल रही राजनीति से मुक्ति चाहता है।

दक्षिण भारत के राज्यों को जोड़ेंगी नई ट्रेनें
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, नई ट्रेन सेवाओं से आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना के बीच क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों को किफायती और सुरक्षित यात्रा मिलेगी, साथ ही टूरिज्म, बिजनेस, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।

विज्ञान और इनोवेशन सेक्टर को मिलेगा बूस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम में CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और उद्यमिता हब की आधारशिला भी रखी। इसके साथ ही उन्होंने केरल के रेहड़ी-पटरी वालों समेत 1 लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि लोन वितरित करने की बात कही, जिससे विज्ञान, तकनीक और इनोवेशन के क्षेत्र में नई संभावनाएं खुलेंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र