UP Weather Today: लखनऊ समेत 35 जिलों में आज-कल भारी बारिश का अलर्ट, 8 अगस्त से बदलेगा मौसम का मिजाज

barish_-(2)-1785980357401_v

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार और शुक्रवार को लखनऊ समेत करीब 35 जिलों में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि 8 अगस्त से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। इसके बाद 10 से 15 अगस्त के बीच हल्की बारिश और धूप का दौर देखने को मिल सकता है।

पूर्वी यूपी और तराई में सबसे ज्यादा असर

पिछले 10 से 12 दिनों से हो रही लगातार बारिश का सबसे अधिक प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई के जिलों में देखा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक कई जिलों में भारी वर्षा के साथ वज्रपात की भी आशंका बनी हुई है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कौशांबी, फतेहपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, इटावा और औरैया में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, लखनऊ सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है।

8 अगस्त से कम होगी बारिश, बढ़ सकती है उमस

मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार यानी 8 अगस्त से बारिश की तीव्रता कम होने लगेगी। 10 से 15 अगस्त के बीच बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे उमस में इजाफा हो सकता है।

लखनऊ का मौसम रहा सुहावना

बुधवार को राजधानी लखनऊ में दिनभर बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। इससे मौसम सुहावना बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हमीरपुर में सबसे ज्यादा 150 मिमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बुधवार को हमीरपुर में सीजन की सबसे अधिक 150 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बांदा में 113.2 मिलीमीटर, खीरी में 95 मिलीमीटर, सुल्तानपुर में 73 मिलीमीटर और प्रयागराज में 65 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र