UP Weather Today: लखनऊ में हल्की बारिश से मिली राहत, IMD ने बताया कब शुरू होगा झमाझम बारिश का दौर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हुई हल्की बारिश और चक्रवाती हवाओं के असर से उमस भरी गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली है। राजधानी लखनऊ में भी बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे मौसम में हल्का बदलाव महसूस हुआ। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में व्यापक और तेज बारिश के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना होगा।
33 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लखनऊ समेत प्रदेश के 33 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन इलाकों में हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। हालांकि अगले तीन दिनों तक कहीं भी व्यापक या तेज बारिश की संभावना कम बनी हुई है।
अगले तीन दिन नहीं होगी जोरदार बारिश
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन भारी वर्षा की संभावना फिलहाल नहीं है। ऐसे में लोगों को उमस से पूरी राहत मिलने के लिए अभी इंतजार करना होगा।
तापमान सामान्य से ऊपर, नमी बनी परेशानी
प्रदेश में उमस के चलते तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। हाल के आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी का स्तर 98 प्रतिशत तक पहुंचने से चिपचिपी गर्मी का असर बना हुआ है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, गोरखपुर में मंगलवार को छिटपुट बादल छाए रहने और उमस भरी गर्मी का असर रहने की संभावना है। वहीं देवरिया और बस्ती में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी से लेकर हल्की बारिश हो सकती है।
