सपा-कांग्रेस की खींचतान पर योगी का तंज, NDA को लेकर बोले- ‘ऑल इज वेल’, कोई विवाद नहीं

yogi_adityanath_1788703637749_eddb7b66-9c0d-489a-a_1795595088622_pCJW_1795595088885_4pDr_64acd7d5-84f9-43d7-a96b-999cccba4510_R1kq

लखनऊ: समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निशाना साधा है। उन्होंने दोनों दलों के बीच जारी मतभेदों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गठबंधन के अपने नियम, मर्यादा और शिष्टाचार होते हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है।

सीएम योगी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन में ऐसी स्थिति बन गई है कि एक तरफ अपमान झेलना पड़ रहा है और दूसरी तरफ उसे सामान्य बताने की कोशिश की जा रही है। वहीं, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में किसी तरह के विवाद से इनकार करते हुए उन्होंने कहा कि सभी सहयोगी दल एकजुट हैं और मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में आयोजित एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, निवेश, रोजगार, विपक्ष की राजनीति, गठबंधन और आगामी चुनावों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी।

NDA में कोई मतभेद नहीं, सभी दल साथ: योगी

NDA में सीट बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच कथित नाराजगी के सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से NDA की एकजुटता को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।

योगी ने साफ कहा कि गठबंधन में कोई विवाद नहीं है और सभी दल मिलकर चुनावी मैदान में उतरेंगे। उन्होंने कहा, “ऑल इज वेल है।”

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी साधा निशाना

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और पार्टी की सनातन को लेकर बदली भाषा पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर 90 के दशक में ही यह सोच आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने जैसी स्थिति नहीं बनती।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माफी मांगने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता। उन्होंने भाजपा की राजनीति को राष्ट्रवाद और विकास से जोड़ते हुए कहा कि पार्टी किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान के सिद्धांत पर काम करती है।

यूपी में बदली कानून-व्यवस्था, बढ़ा निवेश: योगी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास को लेकर पिछली सरकारों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में अवैध हथियार बनाने जैसी गतिविधियां होती थीं, लेकिन अब राज्य में आधुनिक हथियारों और रक्षा उपकरणों का निर्माण हो रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल पॉलिसी लागू की गई हैं। योगी के मुताबिक, राज्य को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने कहा कि MSME सेक्टर को ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के जरिए नई पहचान मिली है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र