इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर रोक, विदेशी छात्रों के लिए 30% की सीमा तय; उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना

000000-22

रोम: इटली की सरकार ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े नए कानून को मंजूरी देते हुए स्कूलों में बुर्का और नकाब जैसे चेहरा ढकने वाले परिधानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। नए नियम के तहत छात्र स्कूल परिसर में ऐसा कोई कपड़ा नहीं पहन सकेंगे, जिससे उनकी पहचान छिपे। हालांकि, ऐसे नकाब को छूट दी जाएगी, जिनमें चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। नियमों का उल्लंघन करने पर 1,000 यूरो तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

इटली के चैंबर ऑफ डेप्युटीज ने 26 नवंबर को इस विवादित शिक्षा कानून को अंतिम मंजूरी दी। मतदान के दौरान विधेयक के पक्ष में 142 और विरोध में 112 वोट पड़े, जबकि चार सदस्य अनुपस्थित रहे। कानून में स्कूलों की शुरुआती कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत तक सीमित करने का भी प्रावधान किया गया है। हालांकि, इटैलियन भाषा की अच्छी समझ रखने वाले विदेशी छात्रों को इस सीमा से छूट मिलेगी।

स्कूलों में विदेशी छात्रों की संख्या पर भी सीमा

नए कानून के तहत पहली कक्षा में विदेशी छात्रों की संख्या कुल विद्यार्थियों के 30 प्रतिशत तक रखने का प्रावधान है। जिन स्कूलों के लिए इस सीमा का पालन करना मुश्किल होगा, वहां शिक्षा अधिकारी छात्रों को आसपास के दूसरे स्कूलों में स्थानांतरित करने की व्यवस्था कर सकते हैं।

इसके अलावा उन विदेशी अभिभावकों के लिए इटैलियन भाषा के पाठ्यक्रम शुरू करने का भी प्रावधान किया गया है, जिनकी भाषा संबंधी कठिनाइयों का असर उनके बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है। सरकार का कहना है कि भाषा की समझ बेहतर होने से बच्चों की शिक्षा और स्कूलों में संवाद की स्थिति मजबूत होगी।

विपक्ष ने कानून को बताया भेदभाव बढ़ाने वाला

नए शिक्षा कानून को लेकर इटली में राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। विपक्षी दलों ने सरकार पर भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए इसकी आलोचना की है। मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने एक प्लेकार्ड भी दिखाया, जिस पर लिखा था, ‘स्कूल में कोई भी विदेशी नहीं है।’

वहीं, शिक्षा मंत्री ज्यूसेप्पे वाल्डिटारा ने सरकार के फैसले का बचाव किया। उनका कहना है कि यह कानून इटैलियन भाषा के ज्ञान और साझा नियमों के सम्मान के जरिए समाज में एकजुटता को बढ़ावा देगा।

डिजिटल किताबों और दिव्यांग छात्रों के लिए भी प्रावधान

इस शिक्षा कानून में केवल पहनावे और विदेशी छात्रों की संख्या से जुड़े नियम ही शामिल नहीं हैं। इसमें डिजिटल पाठ्यपुस्तकों, दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने और शिक्षकों की भर्ती से जुड़े प्रावधान भी किए गए हैं। सरकार का दावा है कि इन बदलावों से स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर बनाने और शिक्षा के स्तर में सुधार लाने में मदद मिलेगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...