जमुई जैसा मामला फिर आया सामने, सड़क पर श्रद्धालु युवक-युवती को रोका, बदसलूकी और मारपीट का वीडियो वायरल
ढेंकनाल: ओडिशा के ढेंकनाल जिले में युवक-युवती के साथ बीच सड़क पर बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
मुख्य सड़क पर रोककर की गई मारपीट
घटना 18 सितंबर की बताई जा रही है। ढेंकनाल और कपिलाश को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर युवक-युवती मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी बाइक को जबरन रोक लिया। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक और युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। युवती लगातार उन्हें छोड़ने और वहां से जाने देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ दुर्व्यवहार जारी रहा।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वीडियो में युवती खुद को छोड़ने की लगातार अपील करती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर लोग घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
ढेंकनाल के एसपी अभिनव सोनकर के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण एक युवक और युवती को रोककर उनके साथ बदसलूकी करते दिखाई दे रहे थे। इस मामले में गअंदिया थाना क्षेत्र में केस दर्ज किया गया है। केस नंबर 480/2026 है और इसमें भारतीय न्याय संहिता तथा सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़ी कई धाराएं लगाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना गअंदिया थाना क्षेत्र के भांडरगढ़ की है। शिकायतकर्ता अर्पिता मोहंती हैं, जो घटना के दौरान मौजूद युवती हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
पकड़े गए आरोपियों में सरोज नायक, गांव बणिया, थाना गोंदिया; समीर नायक, गांव बणिया, थाना गोंदिया और संग्राम रथ, दुर्गा, गांव रायपुर मंदार, थाना गोंदिया शामिल हैं।
शिकायतकर्ता और उसके दोस्त को दिया भरोसा
एसपी अभिनव सोनकर ने बताया कि शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जाएगा और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए जाएंगे। जांच में जिस तरह का अपराध सामने आएगा, उसी के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शिकायतकर्ता और उसके दोस्त को भरोसा दिलाया है कि मामले में सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जाएंगे और किसी भी स्तर पर कार्रवाई में ढील नहीं बरती जाएगी।
इस घटना की तुलना बिहार के जमुई में सामने आए छात्रा से छेड़खानी के मामले से भी की जा रही है, जहां सड़क पर युवती के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया था।
