‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत खिलाड़ियों को सीधी भर्ती, सीएम योगी बोले- यूपी में बेटियों को मिल रही सुरक्षा और प्रोत्साहन
2017 से पहले बेटियों के सपनों पर थीं बंदिशें: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पिछली सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था। बेटियों के सपनों पर पहरे थे, उनके हौसलों पर बंदिशें थीं और अवसरों की कमी के कारण प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही थीं।
योगी ने कहा कि उस दौर में खेल के मैदानों पर माफिया का कब्जा था और खेल संसाधनों का अभाव था। बेटियों की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के बजाय उनके सपनों को चारदीवारी में कैद कर दिया गया था।
सुरक्षा और प्रोत्साहन से बदल रही प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में बदलाव की नई गाथा लिखी गई है। उनके मुताबिक, प्रदेश में भय की जगह सुरक्षा, उपेक्षा की जगह प्रोत्साहन और संसाधनों की कमी की जगह खेल सुविधाओं के विस्तार ने ली है।
उन्होंने बताया कि गांवों में खेल मैदानों और ब्लॉक स्तर के मिनी स्टेडियम से लेकर जिला स्तरीय स्टेडियम, मंडल स्तरीय स्पोर्ट्स कॉलेज और मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इन व्यवस्थाओं से बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल रहे हैं।
पदक विजेताओं को पुरस्कार और सरकारी नौकरी का अवसर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को लाखों-करोड़ों रुपये के पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही ‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत सीधी भर्ती जैसी सुविधाओं के जरिए खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने, उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने और उन्हें बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों की गूंज अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भी सुनाई दे रही है।
पारुल चौधरी से दीप्ति शर्मा तक, खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली महिला खिलाड़ियों का उल्लेख किया। एथलेटिक्स में पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया तथा कुश्ती में दिव्या काकरान ने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। योगी ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रोत्साहन और सम्मान देने से प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
