रिलीज से पहले आयुष्मान खुराना की ‘उड़ता तीर’ को बड़ा झटका, नेपाल में लगी रोक, जानें क्या है वजह

udta_teer_22_10_1792645783613_YoGD_1792645787571_HtEX_364af6d8-36d8-40ca-bda2-6e6d399605a3_mt5i
नई दिल्ली: आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की आगामी फिल्म ‘उड़ता तीर’ सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले ही विवादों में आ गई है। 23 अक्टूबर को रिलीज होने वाली इस कॉमेडी स्पाई थ्रिलर फिल्म को नेपाल में प्रतिबंधित कर दिया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म नेपाल के केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड की निर्धारित कसौटियों पर खरी नहीं उतर सकी। इसकी कहानी में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव को दिखाया गया है, जिसे फिल्म पर रोक लगाए जाने की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

भारत-पाकिस्तान से जुड़ी कहानी के कारण नेपाल में लगी रोक

नेपाल की स्थानीय समाचार वेबसाइट ‘ऑनलाइनखबर’ की रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित मंत्रालय ने आधिकारिक पत्र के जरिए फिल्म वितरक कंपनी ‘नेशनल सिने ग्रुप’ को फैसले की जानकारी दी। पत्र में कहा गया कि केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड ने फिल्म की सामग्री को ‘नेशनल सिनेमा (प्रोडक्शन, एग्जीबिशन एंड डिस्ट्रीब्यूशन) एक्ट, 2026’ की धारा 8(3) के तहत निर्धारित प्रतिबंधों के दायरे में पाया है। इसी प्रावधान के तहत फिल्म को नेपाल में रिलीज की अनुमति नहीं दी गई।

नेपाल के फिल्म लेखक और समीक्षक समीप्याराज तिमिल्सिना के मुताबिक, फिल्म की कहानी इसकी रोक की वजह है। फिल्म भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल में ऐसी फिल्मों पर रोक लगाने का प्रावधान है, जिनसे किसी दूसरे देश की छवि को नुकसान पहुंचने या मित्र देशों के साथ संबंध प्रभावित होने की आशंका हो सकती है।

क्या है ‘उड़ता तीर’ की कहानी?

‘उड़ता तीर’ की कहानी एक ऐसे जासूस के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी याददाश्त चली जाती है। वह सच्चा देशभक्त है, लेकिन अपनी याददाश्त खोने के बाद उसे यह भी याद नहीं रहता कि वह भारत का नागरिक है या पाकिस्तान का। इसी असमंजस और कहानी में आने वाले घटनाक्रमों के बीच फिल्म की कहानी आगे बढ़ती है।

फिल्म का निर्देशन आकाश ए. कौशिक ने किया है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान के अलावा इसमें रघुबीर यादव, गुलशन ग्रोवर, राहुल बोस और राम कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

रिलीज से पहले स्वर्ण मंदिर पहुंचे थे आयुष्मान और सारा

फिल्म की रिलीज से पहले आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर में माथा टेकने पहुंचे थे। इस दौरान सारा अली खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें वह प्रार्थना करते हुए भावुक होकर रोती नजर आईं। सारा सफेद कुर्ता-पायजामा पहने थीं और प्रार्थना के दौरान उनका सिर दुपट्टे से ढका हुआ था। वीडियो में आयुष्मान खुराना भी उनके साथ दिखाई दिए।

वाघा बॉर्डर पर आयुष्मान ने गाया ‘जय हिंद’

फिल्म के प्रचार के लिए आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अटारी-वाघा बॉर्डर भी पहुंचे थे। यहां आयुष्मान ने अपनी आने वाली फिल्म के गीत ‘जय हिंद’ से मौजूद लोगों को खास तोहफा दिया। सीमा पर देशभक्ति गीत की प्रस्तुति ने लोगों का ध्यान खींचा और फिल्म के प्रचार को एक अलग अंदाज दिया।

पहले 9 अक्टूबर को रिलीज होनी थी फिल्म

‘उड़ता तीर’ पहले 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। हालांकि, निर्माताओं ने इसकी रिलीज की तारीख आगे बढ़ा दी थी। बताया गया कि ऐसा ‘दृश्यम 3’ और ‘जेलर 2’ जैसी बड़ी फिल्मों के साथ टकराव से बचने के लिए किया गया।

23 अक्टूबर को रिलीज होंगी ये फिल्में

‘उड़ता तीर’ के साथ 23 अक्टूबर को कई अन्य फिल्में भी सिनेमाघरों में दस्तक देंगी। इनमें सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की ‘तू है मेरी किरण’, ‘पहला प्यार दूसरी बार’, राजस्थानी फिल्म ‘धूड़’ और ईशा मालवीय तथा गुरमीत चौधरी की ‘तुम मेरे हो’ शामिल हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र