विमान में यात्री के मैसेज से मचा हड़कंप, लिखा- ‘प्लेन हाईजैक कर क्रैश कर दूंगा’; वापस लौटी फ्लाइट, आरोपी हिरासत में
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिल्न ने पुलिस को बताया कि उसने यह मैसेज अपने एक सहकर्मी के साथ मजाक में भेजा था। उसका विमान को हाईजैक करने, क्रैश करने या किसी को नुकसान पहुंचाने का इरादा नहीं था। हालांकि, उस पर आतंकवादी घटना से जुड़ी धमकी देने या गलत सूचना देने का आरोप लगाया गया है।
फ्लाइट अटेंडेंट की नजर हाईजैक की धमकी वाले मैसेज पर पड़ी
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, विमान में सवार होते समय एक फ्लाइट अटेंडेंट ने दो यात्रियों को टेक्स्ट मैसेज के जरिए बातचीत करते देखा था। उनकी बातचीत में अन्य यात्रियों और फ्लाइट अटेंडेंट को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां भी की गई थीं।
कुछ देर बाद फ्लाइट अटेंडेंट की नजर एक ऐसे मैसेज पर पड़ी, जिसकी शुरुआत ‘I’m gonna hijack’ यानी ‘मैं हाईजैक करने जा रहा हूं’ शब्दों से होती थी। उसने तुरंत इसकी जानकारी लीड फ्लाइट अटेंडेंट को दी। बाद में मैसेज भेजने वाले यात्री की पहचान डांटे मिल्न के रूप में हुई।
पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि मैसेज में विमान को हाईजैक करने और आगे की सीटों वाली पंक्ति से टकराकर क्रैश करने की बात लिखी गई थी। संदेश में विमान के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल भी किया गया था।
10 हजार फीट की ऊंचाई पार करने के बाद कैप्टन को मिली सूचना
पुलिस के मुताबिक, विमान जब 10,000 फीट यानी करीब 3,050 मीटर की ऊंचाई पार कर चुका था, तब कैप्टन को धमकी भरे मैसेज के बारे में जानकारी दी गई। रिपोर्ट में इस प्रक्रिया को कॉकपिट की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी प्रक्रियाओं के अनुरूप बताया गया है।
जानकारी मिलने के बाद पायलट ने विमान को वापस लास वेगास ले जाने का फैसला किया। एयर ट्रैफिक कंट्रोल के रिकॉर्डेड संदेश में पायलट को यह बताते सुना गया कि फ्लाइट अटेंडेंट ने हाईजैक की धमकी वाले मैसेज की जानकारी दी थी और विमान वापस लौट रहा था।
फ्लाइट के लास वेगास पहुंचने के बाद पुलिस ने डांटे मिल्न को हिरासत में ले लिया।
आरोपी का दावा- सहकर्मी के साथ मजाक कर रहा था
पुलिस के अनुसार, डांटे मिल्न न्यू जर्सी के वुडरिज का रहने वाला है। वह काम से जुड़े तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लास वेगास आया था और अंडरवॉटर वेल्डिंग का काम करता है।
मिल्न ने अधिकारियों को बताया कि उसने एयरपोर्ट के एक बार में बीयर और शराब पी थी और विमान में सोने का इरादा था। उसके मुताबिक, विमान में नींद खुलने पर उसे पता चला कि फ्लाइट वापस लास वेगास लौट रही है।
उसने दूसरे यात्री के साथ टेक्स्ट मैसेज के जरिए बातचीत करने की बात स्वीकार की। मिल्न के अनुसार, वह उस यात्री से प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मिला था। हाईजैक वाले मैसेज के बारे में पूछे जाने पर उसने कहा कि शब्दों का इस्तेमाल सही तरीके से नहीं हुआ और यह सहकर्मियों के बीच मजाक का हिस्सा था। उसने किसी को नुकसान पहुंचाने या विमान को हाईजैक कर क्रैश करने की मंशा से इनकार किया।
डांटे मिल्न पर आतंकवादी घटना से जुड़ी धमकी देने या गलत सूचना देने का आरोप लगाया गया है। उसके वकील जेम्स गैलो ने बताया कि वह मामले की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मिल्न अदालत में खुद को दोषी नहीं मानेगा।
पहले भी धमकी या मजाक के कारण लौटानी पड़ीं फ्लाइटें
विमान में बम या हाईजैक से जुड़ी धमकियों को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से लेती हैं। ऐसे मामलों में मजाक का दावा किए जाने के बावजूद यात्रियों को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है।
- 2022, शिकागो: एक यात्री ने अपना बैग चेक कराते समय उसमें बम होने की बात कही थी।
- 2017, तुर्किश एयरलाइंस: एक यात्री के वाई-फाई हॉटस्पॉट का नाम ‘बम ऑन बोर्ड’ रखे जाने के बाद फ्लाइट को वापस लौटाना पड़ा था।
- पिछले साल, एलीजिएंट एयर: एक यात्री ने दूसरे व्यक्ति से कहा था कि उसके लैपटॉप में बम है। इसके बाद फ्लाइट को आपात स्थिति में उतारना पड़ा था।
