सऊदी अरब पर हमले की आशंका से अलर्ट हुआ अमेरिका, नागरिकों को दी सतर्क रहने की सलाह; हवाई अड्डों पर भी खतरा
अमेरिका को आशंका है कि मौजूदा हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और संघर्ष का दायरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए सऊदी अरब में रह रहे अमेरिकी नागरिकों को सतर्क रहने और सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
हवाई अड्डों और हवाई क्षेत्र को लेकर विशेष चेतावनी
अमेरिकी प्रशासन की ओर से जारी परामर्श में सऊदी अरब के हवाई अड्डों और हवाई क्षेत्र को लेकर खास सावधानी बरतने को कहा गया है। चेतावनी में आशंका जताई गई है कि संभावित हमलों के चलते हवाई क्षेत्र बंद किया जा सकता है। इसके अलावा उड़ानें रद्द होने या उनके संचालन में बदलाव की स्थिति भी बन सकती है।
इसका असर हवाई यात्रियों पर पड़ सकता है और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को आगाह किया है कि यदि वे सऊदी अरब के हवाई अड्डों का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें बेहद सतर्कता बरतनी चाहिए।
यात्रा से पहले एयरलाइन और एयरपोर्ट से करें संपर्क
अमेरिकी प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि संबंधित विमानन कंपनी और हवाई अड्डे से सीधे कर लें। सुरक्षा परिस्थितियों के चलते उड़ानों के समय और संचालन में अचानक बदलाव हो सकता है।
अमेरिका की यह चेतावनी सऊदी अरब में संभावित सुरक्षा खतरे और उसके कारण हवाई यात्रा पर पड़ने वाले असर को ध्यान में रखते हुए जारी की गई है।
