मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप की पार्टी में बढ़ी कलह, RNC अध्यक्ष जो ग्रूटर्स को हटाने की तैयारी

photo-2-13
न्यूयॉर्क: अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी में अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के अध्यक्ष जो ग्रूटर्स को पद से हटाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। ट्रंप के समर्थन से अध्यक्ष बने ग्रूटर्स के खिलाफ कमेटी के भीतर ही असंतुष्ट सदस्यों का एक गुट सक्रिय हो गया है।

रिपब्लिकन नेशनल कमेटी में सभी राज्यों से चुने गए कुल 168 सदस्य हैं। चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बावजूद वॉशिंगटन में अधिकांश नेता ट्रंप के साथ खड़े हैं। हालांकि, संगठन के कुछ सदस्य चुनावी नतीजों के लिए मौजूदा नेतृत्व को जिम्मेदार मान रहे हैं। उनका तर्क है कि पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए नेतृत्व में बदलाव जरूरी है।

असंतुष्ट गुट ने केंटकी की केसी क्रॉस्बी को अध्यक्ष पद के लिए अपना समर्थन दिया है। वह फिलहाल कमेटी में दूसरे नंबर की पदाधिकारी हैं। तीन नवंबर को हुए चुनाव के दो दिन बाद, यानी पांच नवंबर को क्रॉस्बी ने पत्र लिखकर अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी। उन्होंने चुनावी नतीजों को बड़ा झटका बताते हुए पार्टी से अपनी गलतियों की ईमानदारी से समीक्षा करने की अपील की थी।

MAGA समर्थक क्रॉस्बी की दावेदारी को ट्रंप के नेतृत्व के लिए चुनौती माना जा रहा

केसी क्रॉस्बी खुद ट्रंप के ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ (MAGA) एजेंडे का समर्थन करती हैं। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के लिए उनकी दावेदारी और उन्हें मिल रहा समर्थन पार्टी के भीतर ट्रंप के नेतृत्व को लेकर उठ रहे सवालों से जोड़कर देखा जा रहा है।

टेनेसी के कमेटी सदस्य ऑस्कर ब्रॉक ने क्रॉस्बी का समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी का मकसद ज्यादा से ज्यादा रिपब्लिकन उम्मीदवारों को चुनाव जिताना होना चाहिए, न कि हर समय सिर्फ एक व्यक्ति का समर्थन करना। उनके मुताबिक, ग्रूटर्स चुनाव में अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से नहीं निभा पाए, इसलिए नेतृत्व में बदलाव जरूरी है।

वर्जीनिया की सदस्य पैट्टी लाइमैन ने भी मौजूदा नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि टेक्सास, साउथ कैरोलिना और मिसिसिपी जैसे रिपब्लिकन के मजबूत गढ़ों में हार के बाद भी पुराने नेतृत्व को बनाए रखना पार्टी के आधार के लिए अपमानजनक और नुकसानदायक होगा।

रोड आइलैंड की सदस्य सू सिएनकी ने अनुमान जताया है कि जनवरी में एरिजोना में होने वाली बैठक तक क्रॉस्बी को नामांकन के लिए जरूरी 10 राज्यों के कम से कम 20 सदस्यों का समर्थन मिल सकता है।

ट्रंप ने ग्रूटर्स को बताया ‘MAGA योद्धा’, दिया पूरा समर्थन

पार्टी के भीतर बढ़ती असहमति से राष्ट्रपति ट्रंप और व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी नाराज बताए जा रहे हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक विस्तृत बयान जारी कर ग्रूटर्स का बचाव किया। उन्होंने उन्हें ‘MAGA योद्धा’ बताते हुए अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही।

वहीं, व्हाइट हाउस की ओर से असंतुष्ट सदस्यों को चेतावनी दिए जाने की खबर है। इसके मुताबिक, यदि वे पार्टी नेतृत्व के साथ नहीं आते हैं तो फंड जुटाने में मिलने वाली मदद बंद की जा सकती है।

मेन राज्य की कमेटी सदस्य लॉरेन लेपेज ने भी ग्रूटर्स का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि उनके आकलन में ग्रूटर्स ने अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने अपने पिता पॉल लेपेज की जीत का श्रेय भी ग्रूटर्स को दिया और कहा कि कमेटी को ट्रंप के समर्थन को गंभीरता से लेना चाहिए।

ग्रूटर्स के समर्थकों का कहना है कि इस समय नेतृत्व बदलने से अगले राष्ट्रपति चुनाव की तैयारियां प्रभावित हो सकती हैं। नई टीम को संगठन की कार्यप्रणाली समझने और चुनावी रणनीति बनाने में समय लगेगा। इससे पार्टी की तैयारियों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

कमेटी के खर्चों पर सवाल, फॉरेंसिक ऑडिट की मांग

ग्रूटर्स का विरोध कर रहे सदस्य सिर्फ चुनावी प्रदर्शन को लेकर ही सवाल नहीं उठा रहे हैं, बल्कि कमेटी के खर्चों पर भी आपत्ति जता रहे हैं। उन्होंने संगठन के वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए फॉरेंसिक ऑडिट कराने की मांग की है।

इन आरोपों और सवालों के जवाब में ग्रूटर्स ने गुरुवार रात कमेटी के सदस्यों को पत्र भेजा। उन्होंने गोल्फ टूर्नामेंट ‘प्रेसिडेंट्स कप’ के दौरान मेहमाननवाजी पर खर्च किए गए 22,500 डॉलर का बचाव किया। उनका कहना था कि इस आयोजन के जरिए कमेटी को बड़े दानदाताओं से 25 लाख डॉलर का नया योगदान मिला।

ट्रंप की पूर्व चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स की बेटी कैरोलीन वाइल्स की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठे। इस पर ग्रूटर्स ने सफाई दी कि छह महीने का यह अनुबंध उनके पूर्ववर्ती माइकल व्हाटली ने किया था। उनके अध्यक्ष बनने के समय ही इसकी अवधि समाप्त हो चुकी थी।

इसके अलावा, ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और पूर्व प्रेस सचिव कैरोलीन लेविट की बाल संवारने और मेकअप सेवाओं पर हुए खर्च को लेकर भी ग्रूटर्स ने जवाब दिया। उन्होंने पत्र में कहा कि यह भुगतान इसलिए किया गया, ताकि इन सेवाओं का खर्च करदाताओं पर न पड़े। उनके मुताबिक, इन नेताओं ने चुनाव प्रचार के लिए अपना सीमित समय और ऊर्जा दी थी, इसलिए कमेटी ने इस अनुरोध को स्वीकार किया।

अब RNC की आगामी बैठक में यह स्पष्ट होगा कि ट्रंप के समर्थन के बावजूद असंतुष्ट सदस्य अध्यक्ष पद पर बदलाव की अपनी मुहिम को किस हद तक आगे बढ़ा पाते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र