छठ पर वाराणसी में सोमवार को सार्वजनिक छुट्टी, स्कूल-कॉलेज से लेकर सरकारी दफ्तर तक रहेंगे बंद
वाराणसी: छठ महापर्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में भी सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार, 16 नवंबर को जिले में छुट्टी का आदेश जारी किया है। इसके तहत सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। स्थानीय अवकाश का लाभ स्कूल-कॉलेजों को भी मिलेगा। बिहार से सटे वाराणसी में छठ पूजा के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था और तैयारियों को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार से हो चुकी है। सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन होगा। इससे पहले रविवार शाम को व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद श्रद्धालु पूरी रात जागकर सोमवार सुबह सूर्योदय के समय पूजा-अर्चना करेंगे। इसी को देखते हुए प्रशासन ने पर्व के अंतिम दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
डीएम के आदेश में क्या कहा गया है?
जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, छठ पूजा के अवसर पर 16 नवंबर सोमवार को वाराणसी में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह स्थानीय अवकाश राजस्व विभाग सहित प्रशासनिक और राजस्व कार्यों से जुड़े संबंधित सरकारी कार्यालयों पर लागू होगा। आदेश के बाद जिले के सरकारी दफ्तरों के साथ स्कूल-कॉलेजों में भी छुट्टी रहेगी।
84 गंगा घाटों पर छठ की तैयारियां तेज
धर्म और अध्यात्म की नगरी काशी में छठ महापर्व को लेकर उत्साह दिखाई देने लगा है। गंगा के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है। चार दिवसीय पर्व के स्वागत में बाजारों से लेकर गंगा तट तक तैयारियां की जा रही हैं। घरों में छठी मइया के मंगलगीत गूंज रहे हैं, वहीं घाटों पर व्रतियों के लिए पूजा की वेदियां बनाई जा रही हैं।
गुरुवार को बाजारों में सूप, दउरा, डलिया, मिट्टी के चूल्हे, नारियल, गन्ना और मौसमी फलों की खरीदारी हुई। बिहार और पूर्वांचल की बड़ी आबादी के चलते वाराणसी में डाला छठ का विशेष महत्व है। शहर के 84 गंगा घाटों पर श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं।
पूजा के लिए पहले से जगह सुरक्षित कर रहे परिवार
छठ पूजा के लिए घाटों पर वेदियां बनाने और अपने लिए स्थान तय करने का काम तेज हो गया है। व्रती महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ गंगा घाटों पर पहुंचकर पूजा स्थल सुरक्षित कर रही हैं। घाटों की सीढ़ियों और मिट्टी वाले हिस्सों पर जगह चुनकर वेदियां बनाई जा रही हैं। परिवारों के युवा सदस्य इन वेदियों को व्यवस्थित करने और पूजा स्थल तैयार करने में जुटे हैं।
गंगा घाटों और जलाशयों से दूर रहने वाले परिवार अपने घरों की छत और आंगन में ही पूजा की व्यवस्था कर रहे हैं। वेदियों पर पूजा सामग्री रखकर विधि-विधान से भगवान भास्कर की आराधना की जाएगी।
वेदियों पर लिखे जा रहे विभागों के नाम
घाटों पर पूजा के लिए जगह सुरक्षित करने को लेकर अलग-अलग तरीके भी अपनाए जा रहे हैं। कई वेदियों पर चूने और चॉक से पुलिस, इनकम टैक्स, वीडीए और जीएसटी जैसे विभागों के नाम लिखे जा रहे हैं। कुछ स्थानों पर संबंधित विभागों के अधिकारी या कर्मचारी होने का दावा करते हुए नाम भी दर्ज किए गए हैं।
वहीं, व्रती परिवारों के युवा सदस्य रात में भी वेदियों के आसपास निगरानी कर रहे हैं। कई जगह पूजा स्थल को डंडियों और रस्सियों से घेरकर सुरक्षित किया जा रहा है।
