तेलंगाना में बड़ा हादसा: मछुआरों को बचाने गई एसडीआरएफ की दो नावें पलटीं, 10 जवान लापता

0000000000000000-1

हैदराबाद: तेलंगाना के खम्मम जिले में बुधवार को झील में फंसे मछुआरों को बचाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बचाव अभियान में जुटी राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की दो नावें उफनती झील में पलट गईं। हादसे के बाद एसडीआरएफ और दमकल विभाग के 10 कर्मचारी लापता हो गए। उनकी तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को भी अभियान में लगाया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, एसडीआरएफ की टीमें जिले के सथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में फंसे मछुआरों को बचाने के लिए दो नावों से अभियान चला रही थीं। इसी दौरान तेज बहाव और उफनते पानी के बीच दोनों नावों के पलटने की आशंका जताई गई है।

कैसे हुआ हादसा?

अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के दौरान मछली पकड़ने गए पांच मछुआरे झील में फंस गए थे। इसकी सूचना मिलने पर एक नाव से दमकल विभाग के तीन कर्मचारी उन्हें बचाने के लिए झील में पहुंचे, लेकिन वे खुद भी वहां फंस गए।

इसके बाद कोठागुडेम से एसडीआरएफ के छह जवान और दमकल विभाग के चार अन्य कर्मचारी दो नावों में सवार होकर बचाव अभियान के लिए पहुंचे। शुरुआत में झील में फंसे तीनों दमकलकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि, जब बचाव दल मछुआरों को लाने के लिए दोबारा झील में लौटा तो दोनों नावें पलट गईं। इसके बाद एसडीआरएफ और दमकल विभाग के कुल 10 कर्मचारी लापता हो गए। फिलहाल दूसरी नाव की मदद से लापता कर्मियों की तलाश की जा रही है।

मंत्री ने जताई जवानों के सुरक्षित बचने की उम्मीद

तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि बचाव दल ने लापता एसडीआरएफ जवानों की संभावित लोकेशन का पता लगा लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी जवानों को सुरक्षित बचा लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे की जानकारी लेते हुए जिला कलेक्टर को एसडीआरएफ जवानों को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का निर्देश दिया। आधिकारिक बयान के मुताबिक, उन्होंने मुख्य सचिव संजय जाजू को भी पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने को कहा है।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने बताया कि एनडीआरएफ के जवानों को भी घटनास्थल पर तैनात किया गया है। बचाव दल युद्धस्तर पर तलाश अभियान चला रहे हैं।

कुमार ने एक्स पर लिखा कि तेलंगाना के खम्मम जिले के सथुपल्ली स्थित बेथुपल्ली झील में बाढ़ के पानी में फंसे मछुआरों को बचाने के अभियान के दौरान एसडीआरएफ जवानों के लापता होने की खबर से वह बेहद चिंतित हैं।

एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से किया संपर्क

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि स्थिति का जायजा लेने के लिए उन्होंने खम्मम के जिला कलेक्टर से बात की है। इसके अलावा बचाव दलों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए एनडीआरएफ के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल संपर्क किया गया।

उन्होंने कहा कि पूरे घटनाक्रम पर करीब से नजर रखी जा रही है और सभी संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि बचाव अभियान में शामिल सभी लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र