कन्नौज में खौफनाक वारदात: कुर्सी से बांधकर पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, 11 साल पहले हुई लव मैरिज का दर्दनाक अंत
घटना छिबरामऊ के सिकंदरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जगतपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले सुखबीर सिंह ने करीब 11 साल पहले सोनम के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से सोनम का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था। वह पति को छोड़कर उसके साथ रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।
दो दिन पहले पुलिस चौकी में हुई थी पंचायत
बताया जाता है कि विवाद को सुलझाने के लिए दो दिन पहले सिकंदरपुर पुलिस चौकी में पंचायत बुलाई गई थी। इसमें दोनों पक्षों को बुलाया गया और घंटों बातचीत के बाद समझौते की कोशिश की गई। पंचायत के दौरान सोनम ने प्रेमी को छोड़कर पति के साथ रहने पर सहमति जताई थी।
हालांकि, पंचायत के बाद उसी शाम सोनम के प्रेमी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे स्थानीय क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद उसकी जान बच गई।
अगले दिन फिर हुआ विवाद, पत्नी को जलाने का आरोप
बताया जा रहा है कि अगले दिन पति-पत्नी के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी रंजिश में सुखबीर सिंह ने सोनम को कुर्सी से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग तेजी से फैलने के कारण महिला गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौत हो गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह जल चुकी थी। ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पति और उसके परिवार के लोग घर से फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब घटना के कारणों, पुलिस चौकी में हुई पंचायत और समझौते के बाद सामने आए घटनाक्रम समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी पति और उसके परिवार के फरार होने के बाद उनकी तलाश भी की जा रही है।
