विराट कोहली ने 7 रन बनाकर तोड़ा रिकी पोंटिंग का बड़ा रिकॉर्ड, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में बने नंबर-1 बल्लेबाज
कोहली को तेज गेंदबाज जैकब डफी ने चौथे ओवर की चौथी गेंद पर आउट किया। ऑफ स्टंप की लाइन पर आई गेंद को उन्होंने ड्राइव करने का प्रयास किया, लेकिन शॉट सीधे कवर पर खड़े विल यंग के हाथों में चला गया। कोहली ने अपनी पारी में एक चौका लगाया। हालांकि, इस दौरान वह पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे।
न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली के 1978 रन
विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक 38 वनडे मैचों में 56.51 की औसत से 1978 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से सात शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उन्होंने साल 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला वनडे मुकाबला खेला था।
इससे पहले यह रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग के नाम था। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 51 वनडे मैचों में 45.83 की औसत से 1971 रन बनाए थे। उनके नाम इस दौरान छह शतक और 12 अर्धशतक दर्ज हैं। कोहली ने ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में 74 रन की पारी के साथ पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी की थी। वेलिंगटन में सात रन बनाते ही उन्होंने इस आंकड़े को पार कर लिया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज
- 1978 रन – विराट कोहली (भारत)
- 1971 रन – रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया)
- 1750 रन – सचिन तेंदुलकर (भारत)
- 1568 रन – कुमार संगकारा (श्रीलंका)
- 1519 रन – सनथ जयसूर्या (श्रीलंका)
- 1449 रन – जैक्स कैलिस (दक्षिण अफ्रीका)
इस सूची में महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 42 वनडे मैचों में 46.05 की औसत से 1750 रन बनाए थे।
वेलिंगटन वनडे में भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ाई
दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवर में 134 रन पर सिमट गई थी। बारिश के कारण मुकाबले को दोनों टीमों के लिए 47 ओवर का कर दिया गया था। 135 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान शुभमन गिल दूसरे ओवर की पहली गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए। जैकब डफी ने उन्हें हेनरी निकोल्स के हाथों कैच कराया।
इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए विराट कोहली ने एक गेंद पर रन नहीं बनाया और अगली गेंद पर चौका जड़कर पोंटिंग का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। हालांकि, वह अपनी पारी को आगे नहीं बढ़ा सके और सात रन बनाकर पवेलियन लौट गए। पहले वनडे में शून्य पर आउट हुए रोहित शर्मा ने दूसरे मुकाबले में 28 गेंदों पर 23 रन बनाए। उनकी पारी में दो चौके और एक छक्का शामिल रहा। काइल जैमीसन ने नौवें ओवर में रोहित को आउट किया।
