‘होली मिलन’ के बहाने घर में घुसे 4 बदमाश, कारोबारी दंपति को बनाया बंधक; लाखों के जेवर और नकदी लूटकर फरार

pic-3-1772641934

अलीगढ़। होली के मौके पर उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ शहर में एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। यहां ‘होली मिलन’ के बहाने घर में घुसे चार बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी और उनकी पत्नी को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अब बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

हथियारों के बल पर दंपति को बनाया बंधक
पीड़ित विनोद कुमार के अनुसार, वह अपने घर में बेड पर बैठे थे। इसी दौरान पीछे लगी जाली के पास रंग से सना एक युवक आया और ‘होली मिलन’ कहकर उन्हें पास बुलाया। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो वह युवक अनाड़ी निकला, जिसके पीछे तीन अन्य लोग भी खड़े थे।

पीड़ित का कहना है कि चारों बदमाशों के हाथों में कट्टा, तमंचा और चाकू जैसे हथियार थे। आरोपियों ने जबरन गेट खुलवाया और घर के अंदर घुसकर दंपति को धमकाते हुए एक कमरे में बंधक बना दिया।

पत्नी के कंगन उतरवाए, बेटी की अलमारी से भी सामान लूटा
घर में घुसने के बाद बदमाशों ने दंपति के साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी। विनोद कुमार के मुताबिक आरोपियों ने उनकी पत्नी के हाथों में पहने कंगन उतरवा लिए। इसके बाद बदमाशों ने उनकी बेटी के कमरे की अलमारी खोलकर उसमें रखा कीमती सामान और नकदी भी समेट ली।

मोबाइल और वाई-फाई राउटर तक ले गए बदमाश
पीड़ित के अनुसार, बदमाश जाते समय उनके दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। इतना ही नहीं, घर में लगा जिओ का वाई-फाई राउटर भी निकालकर अपने साथ ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दंपति को धमकाया कि यदि बाहर निकले तो गोली मार दी जाएगी।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाले जा रहे
पुलिस अधिकारी मयंक पाठक ने बताया कि घुडियाबाग चौकी क्षेत्र से एक घर में घुसकर लूट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चार लोग होली के रंग में रंगे हुए थे और होली मिलने के बहाने घर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र