किडनी को चुपचाप खराब कर देती हैं ये 6 आदतें, समय रहते नहीं संभले तो बढ़ सकता है फेलियर का खतरा

नई दिल्ली। किडनी हमारे शरीर का ऐसा अहम अंग है, जो खून को साफ कर जहरीले टॉक्सिन्स बाहर निकालती है। यही वेस्ट यूरिन के जरिए शरीर से बाहर निकलता है। लेकिन गलत लाइफस्टाइल और रोजमर्रा की कुछ आदतें किडनी को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा देती हैं। कई बार लोग बिना किसी बड़े लक्षण के इन गलतियों को दोहराते रहते हैं और जब तक समझ आता है, तब तक किडनी गंभीर रूप से डैमेज हो चुकी होती है। हाई बीपी और डायबिटीज के अलावा ये 6 बुरी आदतें भी किडनी खराब होने की बड़ी वजह बन सकती हैं।
ज्यादा नमक खाने की आदत
जरूरत से ज्यादा नमक किडनी पर सीधा दबाव डालता है। पैकेज्ड फूड, जंक फूड और ऊपर से डाला जाने वाला टेबल सॉल्ट शरीर में सोडियम का स्तर बढ़ा देता है। ज्यादा सोडियम को फिल्टर करने में किडनी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे समय के साथ किडनी डैमेज होने का खतरा बढ़ जाता है।
बिना जरूरत पेनकिलर लेना
सिरदर्द, बदन दर्द या हल्की तकलीफ में बार-बार पेनकिलर लेना किडनी के लिए खतरनाक हो सकता है। रिसर्च के मुताबिक ब्रूफेन जैसी दर्द निवारक दवाएं किडनी पर अतिरिक्त दबाव डालती हैं। लंबे समय तक इनका सेवन किडनी फंक्शन को कमजोर कर सकता है।
जरूरत से ज्यादा कैफीन लेना
दिन में एक-दो कप चाय या कॉफी आमतौर पर नुकसानदायक नहीं होती, लेकिन अगर रोज तीन-चार कप या उससे ज्यादा कैफीन ले रहे हैं, तो यह किडनी के कामकाज को प्रभावित कर सकता है। ज्यादा कैफीन ब्लड प्रेशर बढ़ाने के साथ किडनी डैमेज का रिस्क भी बढ़ा देती है।
शराब का सेवन
एल्कोहल शरीर को डिहाइड्रेट करता है और किडनी पर अतिरिक्त बोझ डालता है। लंबे समय तक शराब पीने से किडनी की फिल्टर करने की क्षमता कमजोर होने लगती है, जिससे किडनी डैमेज और फेलियर का खतरा बढ़ जाता है।

जरूरत से ज्यादा प्रोटीन डाइट
अगर किडनी पहले से कमजोर है और फिर भी हाई-प्रोटीन डाइट ली जा रही है, तो यह नुकसानदायक हो सकता है। जरूरत से ज्यादा प्रोटीन को फिल्टर करने में किडनी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इससे यूरिन में प्रोटीन की लीकेज शुरू हो सकती है, जो किडनी खराब होने का संकेत माना जाता है।
फ्लू और इंफेक्शन को नजरअंदाज करना
लंबे समय तक फ्लू, इंफेक्शन या बुखार को इग्नोर करना भी किडनी के लिए खतरनाक हो सकता है। बैक्टीरियल और वायरल इंफेक्शन किडनी में सूजन पैदा कर सकते हैं, जिससे किडनी का फंक्शन प्रभावित होता है।
अगर आप इन आदतों को समय रहते नहीं बदलते हैं, तो किडनी से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। बेहतर है कि अभी से सतर्क हो जाएं और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
