शरीर की किस समस्या के लिए कौन-सा तेल नाभि में लगाएं? न्यूट्रिशनिस्ट ने बताए फायदे

नाभि को आयुर्वेद में शरीर का केंद्र माना गया है। इसे पेचोटी थैरेपी कहा जाता है। मान्यता है कि नाभि से शरीर की हजारों नाड़ियां जुड़ी होती हैं, जिनके जरिए तेल का असर शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचता है। यही वजह है कि पुराने समय से नाभि में तेल लगाने की परंपरा चली आ रही है।
न्यूट्रिशनिस्ट श्वेता शाह के अनुसार, सही समस्या के लिए सही तेल चुनना बहुत जरूरी है, तभी इसका पूरा फायदा मिल पाता है।
किस समस्या के लिए कौन-सा तेल लगाएं?
1. कैस्टर ऑयल (अरंडी का तेल)
अगर आपको गैस, कब्ज, ब्लोटिंग या पेट दर्द की समस्या रहती है, तो नाभि में कैस्टर ऑयल लगाएं। इसमें प्राकृतिक रेचक गुण होते हैं, जो पाचन को बेहतर बनाने और पेट साफ रखने में मदद करते हैं।
2. तिल का तेल
हार्मोनल असंतुलन, पीरियड्स की गड़बड़ी या PCOS के लक्षणों में तिल का तेल फायदेमंद माना जाता है। इसमें मौजूद फाइटोएस्ट्रोजन हार्मोन बैलेंस करने में मदद करता है।
3. नीम का तेल
अगर चेहरे पर पिंपल्स, झुर्रियां या कालापन बढ़ रहा है, तो नाभि में नीम का तेल लगाया जा सकता है। इसके एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-एजिंग गुण स्किन को साफ और हेल्दी बनाने में सहायक माने जाते हैं।
4. नारियल का तेल
ड्राई स्किन, फटे होंठ और फटी एड़ियों की समस्या में नारियल का तेल अच्छा विकल्प है। इसमें मौजूद विटामिन-E और मॉइस्चराइजिंग गुण त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं।

5. सरसों का तेल
अगर जोड़ों में दर्द या अकड़न रहती है, तो नाभि में सरसों का तेल लगाएं। इसकी गर्म तासीर ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने और सूजन कम करने में मदद कर सकती है।
6. बादाम का तेल
ग्लोइंग और हेल्दी स्किन के लिए बादाम का तेल उपयोगी माना जाता है। इसमें विटामिन A, C और E होते हैं, जो त्वचा की चमक बढ़ाने और झुर्रियां कम करने में मदद करते हैं।
लगाने का सही तरीका
रात को सोने से पहले नाभि में 3–4 बूंद तेल डालें और हल्के हाथों से गोल-गोल मसाज करें। बेहतर परिणाम के लिए इसे नियमित रूप से करें।
ध्यान दें: नाभि में तेल लगाना घरेलू उपाय है। अगर कोई गंभीर समस्या, एलर्जी या पुरानी बीमारी है, तो डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
