बिहार समेत 12 राज्यों में अगले 24 घंटे में ओलावृष्टि के साथ बारिश का अलर्ट, सुबह-सुबह घना कोहरा बढ़ाएगा मुश्किलें

rainfall-1769519869

नई दिल्ली। उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान गिरने के साथ बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां तेज होने वाली हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जबकि मैदानी राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओले पड़ने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की भी आशंका जताई गई है।

इन राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान बिहार, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और उससे सटे पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पहाड़ों में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर भारत में यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिल रहा है, जिसका असर मैदानी और पहाड़ी दोनों क्षेत्रों में पड़ रहा है।

बिहार और सिक्किम में भी बदलेगा मौसम
28 जनवरी को बिहार में गरज-चमक, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है। इसी दिन सिक्किम में भी अलग-अलग इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है।

इन इलाकों में जारी है कड़ाके की सर्दी
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस अलवर (राजस्थान) में रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या उससे अधिक रहा।

घना कोहरा और शीतलहर बढ़ाएंगे परेशानी
मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 30 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। वहीं 29 और 30 जनवरी को उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में सुबह और रात के घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

फरवरी की शुरुआत में फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 30 जनवरी 2026 की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 1 और 2 फरवरी को गरज-चमक, बिजली और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र