फूट गया सोने-चांदी का बुलबुला: एक दिन में चांदी 1 लाख, सोना 33 हजार रुपये सस्ता

नई दिल्ली: सोना और चांदी की कीमतों में गुरुवार के रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद शुक्रवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। एक ही कारोबारी दिन में चांदी का भाव 1 लाख रुपये प्रति किलो से अधिक गिर गया, वहीं सोना भी 33,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा सस्ता हो गया। यह गिरावट सिर्फ वायदा बाजार तक सीमित नहीं रही, बल्कि घरेलू मार्केट में भी कीमती धातुओं के दाम तेजी से फिसले।
चांदी का बुलबुला फूटा
एक्सपर्ट्स के अनुसार चांदी का बुलबुला आखिरकार फूट गया है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का ऑल-टाइम हाई छुआ था। लेकिन शुक्रवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का वायदा भाव अचानक गिरकर 2,91,922 रुपये प्रति किलो रह गया। यानी सिर्फ एक दिन में चांदी 1,07,971 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई।
सोने की कीमत में भी भारी गिरावट
चांदी के जोरदार क्रैश का असर सोने पर भी पड़ा। 24 कैरेट सोने का भाव गुरुवार को 1,83,962 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो शुक्रवार को 1,50,849 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इससे पहले गुरुवार को सोने ने 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड टच किया था। गिरावट के बाद सोना अपने उच्चतम स्तर से 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया।
विशेषज्ञों की राय
विशेषज्ञों का कहना है कि हाल के महीनों में सोना-चांदी के दामों में तेजी के पीछे निवेशकों की बढ़ती भूख और वैश्विक बाजार में अल्पकालिक उतार-चढ़ाव की वजहें रही हैं। अब अचानक आई गिरावट से निवेशकों को तगड़ा झटका लगा है।

MCX और घरेलू बाजार की स्थिति
चांदी और सोने का क्रैश सिर्फ वायदा कारोबार तक सीमित नहीं रहा। दिल्ली, मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों के जेवरात बाजार में भी भाव तेज गिरावट के साथ रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे आए। निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे जल्दबाजी में फैसले न लें और मार्केट के रुझान पर ध्यान दें।
