1 मार्च से बदल जाएगा ट्रेन टिकट बुकिंग का तरीका! UTS ऐप बंद, अब RailOne से ही मिलेगा जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट

नई दिल्ली: अगर आप मोबाइल से ट्रेन का जनरल या प्लेटफॉर्म टिकट बुक करते हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। भारतीय रेलवे 1 मार्च से UTS (Unreserved Ticketing System) ऐप को पूरी तरह फेज आउट करने जा रही है। यानी इस तारीख के बाद यह ऐप काम नहीं करेगा और यात्रियों को नई सुपर ऐप ‘RailOne’ का इस्तेमाल करना होगा। रेलवे का कहना है कि यह कदम यात्रियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सभी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उठाया गया है।
UTS ऐप बंद, RailOne बनेगा नया डिजिटल गेटवे
अब तक UTS ऐप के जरिए यात्री अनारक्षित (जनरल) टिकट और प्लेटफॉर्म टिकट ऑनलाइन खरीद सकते थे। लेकिन 1 मार्च के बाद यह सुविधा केवल RailOne ऐप पर उपलब्ध होगी। RailOne को पिछले साल लॉन्च किया गया था और इसे रेलवे का ‘वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफॉर्म’ बताया जा रहा है, जहां टिकटिंग से लेकर ट्रेन से जुड़ी कई अन्य सुविधाएं एक साथ मिलेंगी।
एक ऐप में रिजर्वेशन से लेकर लाइव स्टेटस तक
RailOne ऐप सिर्फ जनरल टिकट तक सीमित नहीं है। इसमें रिजर्व टिकट बुकिंग, प्लेटफॉर्म टिकट, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, कोच पोजिशन, प्लेटफॉर्म नंबर की जानकारी और पीएनआर स्टेटस जैसी सेवाएं एक ही जगह मिलेंगी। इसके अलावा IRCTC Rail Connect, NTES, Rail Madad और Food on Track जैसी सुविधाएं भी इस ऐप में इंटीग्रेट की गई हैं। यानी अब यात्रियों को अलग-अलग काम के लिए अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
R-Wallet बैलेंस रहेगा सुरक्षित
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि UTS ऐप के R-Wallet में मौजूद बैलेंस बेकार नहीं जाएगा। यात्री उसी लॉगइन आईडी और पासवर्ड से RailOne ऐप में साइन इन कर सकेंगे और अपने मौजूदा वॉलेट बैलेंस का उपयोग कर पाएंगे। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और R-Wallet जैसे डिजिटल विकल्प उपलब्ध रहेंगे।

जनरल टिकट पर 3% की छूट
RailOne ऐप को बढ़ावा देने के लिए रेलवे जनरल टिकट पर 3% का डिस्काउंट दे रही है। यह छूट केवल डिजिटल पेमेंट करने पर मिलेगी। यह ऑफर 14 जुलाई 2026 तक वैध रहेगा, जिससे यात्रियों को डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे 1 मार्च से पहले ही RailOne ऐप डाउनलोड कर लें और अपनी प्रोफाइल सेट कर लें। इससे टिकट बुकिंग के दौरान किसी तरह की असुविधा से बचा जा सकेगा। 1 मार्च के बाद जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट के लिए यही ऐप आधिकारिक माध्यम होगा।
