7-सीटर में आ रही टोयोटा की ये धांसू कार, महिंद्रा XUV 7XO से होगी टक्कर

मारुति सुजुकी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर अपनी पॉपुलर मिड-साइज SUV के 7-सीटर वर्जन पर काम कर रही हैं। मारुति सुजुकी पहले ही एक नई प्रीमियम थ्री-रो SUV की पुष्टि कर चुकी है, जो ग्रैंड विटारा पर आधारित हो सकती है। वहीं टोयोटा ने हाइराइडर के 7-सीटर मॉडल की टेस्टिंग शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस SUV को हाल ही में लद्दाख में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है।
टेस्टिंग के दौरान नजर आए मॉडल में हाइराइडर की तुलना में ज्यादा लंबा बॉडी स्ट्रक्चर दिखा। पीछे की तरफ एक्सटेंडेड सेक्शन और तीसरी पंक्ति की सीटों के संकेत मिले हैं। हालांकि, भारी कवरिंग के कारण डिजाइन पूरी तरह साफ नहीं हो पाया। पीछे एक्सल शाफ्ट की मौजूदगी से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसमें ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम दिया जा सकता है।
इन SUVs से होगा सीधा मुकाबला
लॉन्च के बाद टोयोटा हाइराइडर 7-सीटर का मुकाबला आने वाली 7-सीटर रेनॉ डस्टर और मारुति ग्रैंड विटारा के थ्री-रो वर्जन से होगा। इसके अलावा यह SUV महिंद्रा XUV 7XO, टाटा सफारी और हुंडई अल्काजार जैसी पॉपुलर 7-सीटर SUVs को भी टक्कर दे सकती है।
प्रीमियम लुक और इंटीरियर
नई टोयोटा हाइराइडर 7-सीटर का डिजाइन काफी हद तक 5-सीटर मॉडल जैसा ही रहने की उम्मीद है। इसमें क्रिस्टल एक्रिलिक ग्रिल, LED हेडलैंप के साथ स्लिम डबल-लेयर DRLs, स्टाइलिश अलॉय व्हील्स और पीछे C-शेप टेललाइट्स मिल सकती हैं। केबिन में ज्यादा सीटों के अलावा लेआउट और फीचर्स 5-सीटर हाइराइडर जैसे ही हो सकते हैं। इसे अलग पहचान देने के लिए कंपनी नए ट्रिम, सीट कवर डिजाइन और नई इंटीरियर थीम पेश कर सकती है।

इंजन और पावरट्रेन ऑप्शन
5-सीटर टोयोटा हाइराइडर में फिलहाल 1.5 लीटर TNGA एटकिंसन साइकिल पेट्रोल इंजन मिलता है, जो 92 bhp की पावर और 122 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन इलेक्ट्रिक मोटर के साथ आता है, जिससे कुल पावर आउटपुट 114 bhp हो जाता है। इसके अलावा 1.5 लीटर K15C पेट्रोल इंजन का विकल्प भी मौजूद है, जो 103 bhp की पावर और 137 Nm का टॉर्क देता है। यह इंजन 5-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है। उम्मीद है कि 7-सीटर वर्जन में भी यही इंजन ऑप्शन दिए जा सकते हैं।
