ज्वाइंट अकाउंट के ‘साइड इफेक्ट्स’: टैक्स से लेकर नॉमिनेशन तक, वो सच्चाई जो बैंक फॉर्म में नहीं लिखी होती!

ज्वाइंट बैंक अकाउंट दिखने में जितना आसान लगता है, हकीकत में उतना ही संवेदनशील भी हो सकता है। पति-पत्नी, माता-पिता और बच्चों या बिजनेस पार्टनर्स के बीच ज्वाइंट अकाउंट आम बात है, लेकिन पैसे का लेन-देन शुरू होते ही इससे जुड़ी कई बारीकियां सामने आती हैं। अक्सर लोग सुविधा के चक्कर में जरूरी शर्तों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो आगे चलकर टैक्स, कानूनी अधिकार और आपसी विवाद की वजह बन सकती हैं। ऐसे में ज्वाइंट अकाउंट खोलने से पहले इन अहम पहलुओं को समझना बेहद जरूरी है।
ऑपरेटिंग मोड चुनना सिर्फ फॉर्मेलिटी नहीं
ज्वाइंट अकाउंट खोलते समय बैंक आपसे ऑपरेटिंग मोड पूछता है, जिसे लोग अक्सर बिना सोचे चुन लेते हैं। ‘Either or Survivor’ मोड में दोनों में से कोई भी खाताधारक स्वतंत्र रूप से अकाउंट चला सकता है, यानी पूरा बैलेंस निकालने का अधिकार भी होता है। वहीं ‘Jointly’ मोड में हर ट्रांजैक्शन के लिए दोनों के साइन जरूरी होते हैं, जिससे कंट्रोल तो रहता है लेकिन सुविधा कम हो जाती है। कुछ अकाउंट्स में ‘Former or Survivor’ विकल्प भी होता है, जिसमें प्राइमरी अकाउंट होल्डर ही अपने जीवनकाल में अकाउंट ऑपरेट करता है। सही मोड का चुनाव भरोसे और अकाउंट के उद्देश्य को ध्यान में रखकर करना चाहिए।
लायबिलिटी दोनों की, चाहे खर्च किसी ने भी किया हो
ज्वाइंट अकाउंट में आमतौर पर दोनों खाताधारक बराबर के जिम्मेदार माने जाते हैं। ओवरड्राफ्ट, चेक बाउंस, बकाया चार्ज या अकाउंट से जुड़े लोन की स्थिति में बैंक यह नहीं देखता कि गलती किसकी थी। किसी भी तरह की गड़बड़ी दोनों के क्रेडिट प्रोफाइल को प्रभावित कर सकती है। खासकर तब, जब ज्वाइंट अकाउंट को क्रेडिट सुविधाओं से जोड़ा गया हो, यह जोखिम और बढ़ जाता है।
पैसे का मालिक कौन? टैक्स और कानूनी पहलू समझें
अक्सर लोग मान लेते हैं कि ज्वाइंट अकाउंट का मतलब पैसे पर बराबर का हक है, लेकिन टैक्स और कानून हमेशा ऐसा नहीं मानते। ज्वाइंट अकाउंट में जमा राशि से होने वाली आय पर टैक्स आमतौर पर उसी व्यक्ति के हाथों लगता है, जिसने पैसा डाला है। वहीं नॉमिनेशन या ‘Survivor’ एक्सेस होने के बावजूद, कानूनी उत्तराधिकार के मामलों में अन्य वारिसों का दावा बन सकता है। ज्वाइंट अकाउंट सुविधा देता है, लेकिन यह अपने-आप में एस्टेट प्लानिंग का विकल्प नहीं है।

शुरुआत में ही खर्च और योगदान की सीमाएं तय करें
कई विवाद धोखाधड़ी से नहीं, बल्कि साफ बातचीत की कमी से पैदा होते हैं। अगर दोनों खाताधारक अकाउंट में पैसे डाल रहे हैं, तो यह पहले ही तय होना चाहिए कि यह अकाउंट किन खर्चों के लिए होगा। क्या यह सिर्फ घर के बिलों के लिए है या पर्सनल खर्च भी इसी से होंगे? मिनिमम बैलेंस कौन बनाए रखेगा? अगर एक की कमाई ज्यादा है, तो योगदान बराबर होगा या अनुपात में? स्पष्ट नियम ज्वाइंट अकाउंट को लंबे समय तक सुचारू बनाए रखते हैं।
ज्वाइंट अकाउंट बंद करना हमेशा आसान नहीं
रिश्तों में बदलाव होने पर ज्वाइंट अकाउंट सबसे बड़ी परेशानी बन सकता है। कई मामलों में अकाउंट बंद करने या उसमें बदलाव के लिए दोनों की सहमति जरूरी होती है। विवाद की स्थिति में बैंक अकाउंट को फ्रीज भी कर सकता है, जिससे जरूरी भुगतान अटक सकते हैं। इसलिए समझदारी इसी में है कि सारी बचत एक ही ज्वाइंट अकाउंट में न रखें और कुछ व्यक्तिगत वित्तीय स्वतंत्रता बनाए रखें।
