नए लुक और अपग्रेडेड फीचर्स के साथ लौटेगी Royal Enfield Continental GT 650, 2026 के अंत तक लॉन्च की तैयारी

royal-enfield-bikes-1

रॉयल एनफील्ड अपनी पॉपुलर कैफे-रेसर बाइक Continental GT 650 को नए अंदाज में पेश करने की तैयारी में है। कंपनी इस बाइक का मिड-लाइफ अपडेट लाने जा रही है, जिसे लेकर ऑटो इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अपडेटेड Continental GT 650 को भारत में 2026 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है। खास बात यह है कि बड़ी 750cc बाइक की मौजूदगी के बावजूद कंपनी 650cc मॉडल को बंद करने के मूड में नहीं है और दोनों सेगमेंट को साथ-साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

750cc मॉडल के बावजूद 650cc पर भरोसा कायम
हाल ही में कंपनी ने इंटरनेशनल इवेंट्स जैसे EICMA 2025 और Motoverse 2025 में रेस-स्पेक Continental GT-R 750 को शोकेस किया था। इसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि 650cc मॉडल को धीरे-धीरे हटाया जा सकता है, लेकिन रिपोर्ट्स साफ करती हैं कि Royal Enfield अपने भरोसेमंद 650 प्लेटफॉर्म को जारी रखेगी और इसे 750cc लाइनअप के साथ बेचा जाएगा।

डिजाइन और हार्डवेयर में होंगे अहम बदलाव
अपडेटेड Continental GT 650 में लुक और मैकेनिकल सेटअप दोनों में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। बाइक को ज्यादा फ्रेश अपील देने के लिए नए कलर ऑप्शंस शामिल किए जाने की संभावना है। सस्पेंशन सिस्टम को भी अपग्रेड किया जा सकता है, जहां मौजूदा टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और ड्यूल रियर शॉक एब्जॉर्बर की जगह ज्यादा प्रीमियम यूनिट्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा, आगे की तरफ ट्विन-डिस्क ब्रेक सेटअप मिलने की भी उम्मीद है, जिससे ब्रेकिंग परफॉर्मेंस और राइड क्वालिटी में सुधार होगा और बाइक पहले से ज्यादा प्रीमियम महसूस करेगी।

कीमत में हो सकता है हल्का इजाफा
फिलहाल Continental GT 650 भारतीय बाजार में पांच कलर ऑप्शंस के साथ उपलब्ध है और इसकी एक्स-शोरूम कीमत 3.50 लाख रुपये से 3.78 लाख रुपये के बीच है। मिड-लाइफ अपडेट के बाद इसमें मिलने वाले प्रीमियम फीचर्स के चलते कीमत में हल्का इजाफा संभव है। कंपनी की लाइनअप में यह बाइक Interceptor 650 और Classic 650 के बीच पोजिशन की गई है और भारत समेत कई इंटरनेशनल मार्केट्स में यह Royal Enfield की सबसे लोकप्रिय ट्विन-सिलेंडर बाइक्स में शामिल है।

क्यों खास है Continental GT 650
650cc मॉडल को 750cc के साथ बनाए रखने का फैसला इस बात का संकेत है कि Continental GT 650 कंपनी के लिए कितनी अहम है। कैफे-रेसर स्टाइल, दमदार परफॉर्मेंस और बड़ी बाइक्स के मुकाबले किफायती कीमत इसे राइडर्स के बीच खास बनाती है। नए अपडेट के साथ Royal Enfield इस बाइक को और ज्यादा कॉम्पटेटिव बनाने की कोशिश करेगी, ताकि पुराने ग्राहकों के साथ-साथ नए खरीदारों को भी आकर्षित किया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र