अगले 5 दिन मौसम का डबल अटैक! कहीं लू का कहर तो कहीं बारिश की बौछार, जानिए आपके इलाके का हाल

weather-update-8_V_jpg--1280x720-4g

अप्रैल का महीना आधा गुजरते ही मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। देशभर में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान करने वाली साबित हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक इस सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 25 डिग्री के पार जाने की संभावना है। उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

दिल्ली में चढ़ेगा पारा, बारिश के आसार नहीं
राजधानी दिल्ली में 13 से 17 अप्रैल के बीच गर्मी का असर साफ देखने को मिलेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़कर 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। 14 से 17 अप्रैल तक आसमान साफ रहेगा और 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।

पहाड़ी इलाकों में बदलेगा मौसम का मिजाज
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में इस हफ्ते मौसम करवट ले सकता है। यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा और किसी बड़े बदलाव की आशंका नहीं है।

यूपी-राजस्थान में गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में आने वाले दिनों में गर्मी और तीखी हो सकती है। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है। बीते दिनों में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं राजस्थान के जयपुर, बाड़मेर और कोटा जैसे शहरों में पारा पहले ही 40 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और आगे और बढ़ने की संभावना है।

इन राज्यों में चलेगी लू, बढ़ेगी परेशानी
मौसम विभाग के अनुसार सौराष्ट्र और कच्छ में 12-13 अप्रैल, ओडिशा में 14 से 16 अप्रैल, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 16 से 18 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है। इसके अलावा मराठवाड़ा में भी 16 अप्रैल को गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।

कई इलाकों में उमस करेगी बेहाल
देश के कुछ हिस्सों में सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि उमस भी परेशानी बढ़ाएगी। ओडिशा, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में अगले 7 दिनों तक उमस भरा मौसम बना रहेगा। वहीं गंगा के मैदानी इलाकों और पश्चिम बंगाल में 14 से 18 अप्रैल के बीच नमी बढ़ने से चिपचिपी गर्मी का असर देखने को मिलेगा। मध्य महाराष्ट्र में भी 13 से 15 अप्रैल के दौरान ऐसे ही हालात रह सकते हैं।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
अरुणाचल प्रदेश में 14, 15 और 18 अप्रैल को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं असम और मेघालय में 17-18 अप्रैल के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज हवाओं और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 15 और 16 अप्रैल को आंतरिक कर्नाटक में भी मौसम बदल सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र