नौतपा के बीच मौसम का डबल अटैक, 18 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में लू का कहर

Weather-Alert_V_jpg--1280x720-4g

नई दिल्ली: देशभर में मौसम ने एक साथ दो अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। एक तरफ नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, तो दूसरी तरफ दक्षिण-पश्चिम मानसून की तेजी ने कई राज्यों में आंधी और बारिश का खतरा बढ़ा दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के बाकी हिस्सों तक पहुंच सकता है। इसी के चलते देश के 18 राज्यों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राजधानी में 27 मई तक भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि 25 मई को कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है, लेकिन शाम के समय 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश में लखनऊ, वाराणसी, नोएडा समेत कई जिलों में 28 मई तक लू और धूल भरी हवाओं का असर देखने को मिलेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं, जहां तेज गर्मी के साथ 29 मई तक गरज-चमक और बारिश की संभावना भी जताई गई है। वहीं बिहार के पटना, गया और मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में उमस भरी गर्मी के बीच 28 मई तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि का खतरा

उत्तराखंड में आज से 29 मई तक मौसम करवट लेने वाला है। देहरादून और नैनीताल समेत कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश में भी 30 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है। मौसम विभाग ने 29 मई को कई इलाकों में ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है।

राजस्थान में गर्मी का रेड अलर्ट जैसा हाल

राजस्थान में भीषण गर्मी लोगों पर कहर बनकर टूट रही है। जयपुर, जैसलमेर समेत कई शहरों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार 30 मई तक प्रदेश के कई हिस्सों में लू और धूल भरी आंधी का असर बना रहेगा।

पंजाब, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी चेतावनी

पंजाब में 28 मई तक तेज लू चलने का अनुमान है, जबकि 28 से 30 मई के बीच बारिश से राहत मिलने की संभावना जताई गई है। झारखंड के रांची और जमशेदपुर में 30 मई तक तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी 30 मई तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि कुछ इलाकों में 26 और 27 मई को लू का असर भी देखने को मिल सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...