“सबका हिसाब होगा”… नंदीग्राम से CM शुभेंदु अधिकारी का बड़ा हमला, TMC को दी खुली चेतावनी

Suvendu-Adhikari-4-2_V_jpg--1280x720-4g

नंदीग्राम: पश्चिम बंगाल की राजनीति में रविवार को नंदीग्राम एक बार फिर सियासी शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बना रहा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यहां पहुंचकर जनता का आभार जताया और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए साफ संकेत दिया कि अब राजनीतिक लड़ाई और तेज होने वाली है। उन्होंने कहा कि वे विरोधियों के किसी भी कृत्य को भूले नहीं हैं और समय आने पर “सबका हिसाब होगा।”

चुनाव के बाद पहली बार नंदीग्राम पहुंचे शुभेंदु अधिकारी ने जनता से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि यह जमीन उनके राजनीतिक जीवन की पहचान है और वे हमेशा यहां के लोगों के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से सीट छोड़ने के बावजूद नंदीग्राम से उनका भावनात्मक जुड़ाव कभी खत्म नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली चुनावी लड़ाई में ममता बनर्जी उन्हें हराने नंदीग्राम आई थीं, लेकिन जनता ने उन्हें ही करारा जवाब दिया। शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि उन्होंने उन इलाकों में भी बढ़त हासिल की जहां तृणमूल कांग्रेस और उसके बड़े नेताओं का मजबूत प्रभाव माना जाता था।

टीएमसी पर बरसे शुभेंदु, बोले- गुंडों की जगह अब जेल होगी

सभा के दौरान शुभेंदु अधिकारी का सबसे आक्रामक रुख तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ देखने को मिला। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए कथित अत्याचार और दर्ज मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि अब हालात बदलेंगे और कानून के जरिए कार्रवाई होगी। उन्होंने मंच से कहा, “मैं कुछ भी नहीं भूला हूं, सबका हिसाब होगा।”

हालांकि उन्होंने अपने समर्थकों से संयम बरतने की अपील भी की। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि किसी को कानून हाथ में लेने की जरूरत नहीं है और पुलिस प्रशासन को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अब पुलिस को पार्टी कैडर की तरह नहीं बल्कि “सत्यमेव जयते” की भावना के साथ काम करना चाहिए।

बंगाल के पुनर्निर्माण का रोडमैप भी किया पेश

राज्य के विकास को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा विजन भी सामने रखा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक वामपंथी शासन और उसके बाद टीएमसी सरकार के दौर में बंगाल पिछड़ गया है, जिसे अब फिर से खड़ा करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे और उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों को फसलों का उचित दाम दिलाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सरकारी स्कूलों, कॉलेजों व अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने का भी संकल्प दोहराया।

इसके साथ ही उन्होंने साफ पानी, बेहतर सड़कें, मजबूत पुल और बिजली व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा सरकार ही बंगाल में वास्तविक लोकतंत्र और निष्पक्ष प्रशासन स्थापित कर सकती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और आशीर्वाद से पश्चिम बंगाल को मौजूदा हालात से बाहर निकालकर विकास की नई दिशा दी जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...