मथुरा में खूनी अंजाम: पत्नी की गोली मारकर हत्या, फिर पति ने भी दी जान, वैवाहिक विवाद बना मौत की वजह

iqdkvi68_up-crime-news_625x300_05_June_26

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में वैवाहिक विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। थाना हाईवे क्षेत्र की सूर्य नगर कॉलोनी में पति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान मिथुन और उसकी पत्नी पुक्खन के रूप में हुई है। मिथुन मध्य प्रदेश के दतिया जिले का निवासी था, जबकि पुक्खन झांसी की रहने वाली थी। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था, जिसके चलते वे अलग-अलग रह रहे थे।

जानकारी के मुताबिक मिथुन दिल्ली में रहकर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा हुआ था, जबकि पुक्खन मथुरा में एक स्पा सेंटर में कार्यरत थी और सूर्य नगर कॉलोनी में निवास कर रही थी। दोनों के बीच संबंधों में खटास के कारण काफी समय से दूरी बनी हुई थी।

बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात मिथुन मथुरा पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्नी के सिर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों को खून से लथपथ हालत में पाया। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत मौके पर ही होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि पति-पत्नी की मौत गोली लगने से हुई है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी खंगाल रही है कि विवाद किस कारण से इतना बढ़ा कि मामला दोहरी मौत तक पहुंच गया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र