यूपी चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा दांव: नई 64 सदस्यीय टीम की पहली बैठक आज, पंकज चौधरी-दर्मपाल सिंह देंगे जीत का मंत्र
लखनऊ: आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेज करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई 64 सदस्यीय प्रदेश टीम को सक्रिय कर दिया है। शुक्रवार को नवनियुक्त पदाधिकारियों की पहली बैठक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह नई टीम को चुनावी रणनीति, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और पार्टी की प्राथमिकताओं से अवगत कराएंगे।
64 सदस्यीय टीम के साथ चुनावी अभियान को मिलेगी रफ्तार
भाजपा ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए 64 सदस्यीय नई संगठनात्मक टीम का गठन किया है। इसमें 46 पदाधिकारी शामिल हैं, जिनमें प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव शामिल हैं। इसके अलावा छह क्षेत्रीय अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के छह प्रदेश अध्यक्ष तथा छह पदाधिकारियों को कार्यालय सचिव और प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने संगठन में बड़ी संख्या में युवा चेहरों को अवसर दिया है, जबकि अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों में बनाए रखा गया है।
पहली बैठक में होगा परिचय और चुनावी रणनीति पर मंथन
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा है कि नई टीम में विभिन्न क्षेत्रों और समाज के अलग-अलग वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। साथ ही ऐसे कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो पार्टी की नीतियों के प्रति समर्पित हैं। शुक्रवार दोपहर प्रदेश मुख्यालय में आयोजित परिचय बैठक के बाद चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में विस्तृत चर्चा होगी।
अनुभवी नेताओं के साथ होगा तालमेल
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि विधानसभा चुनाव के लिए समय अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में नई टीम को संगठनात्मक कार्यों में तेजी लाने के लिए अनुभवी नेताओं का सहयोग भी दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, राज्य संगठन में लंबे समय तक काम कर चुके वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी समन्वय और मार्गदर्शन की भूमिका में जोड़ा जा सकता है, ताकि चुनावी तैयारियों को गति मिल सके।
मोर्चों के नए प्रदेश अध्यक्ष भी बैठक में होंगे शामिल
भाजपा ने विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की भी घोषणा की है। रोहित मिश्रा को युवा मोर्चा, प्रकाश पाल को पिछड़ा मोर्चा, देवेंद्र सिंह को किसान मोर्चा, अशोक रावत को अनुसूचित मोर्चा, सरोज कुशवाह को महिला मोर्चा और विद्याभूषण गोंड को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। सभी नव नियुक्त पदाधिकारी पहली संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लेंगे।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा फोकस
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा की नई प्रदेश टीम का गठन आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सामाजिक आधार का विस्तार करने और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में राजनीतिक पकड़ को और मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
