वेनेजुएला में भूकंप से भीषण तबाही: 235 लोगों की मौत, 4,300 से ज्यादा घायल, 70 हजार परिवारों पर टूटा संकट
कराकस: वेनेजुएला में आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 235 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित ला गुआइरा प्रांत में 70 हजार से अधिक परिवार इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।
मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका
भूकंप के बाद बड़ी संख्या में इमारतें ढह गईं, जिससे कई लोग मलबे के नीचे दब गए। अधिकारियों का कहना है कि अभी भी सैकड़ों लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी है और राहत एजेंसियां युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चला रही हैं।
ला गुआइरा में सबसे ज्यादा तबाही, 100 से अधिक इमारतें जमींदोज
वेनेजुएला के गृह मंत्री डिओसडाडो कैबेलो ने बताया कि काराबालेडा और काटिया ला मार क्षेत्रों में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। ला गुआइरा प्रांत में 100 से अधिक इमारतें पूरी तरह ढह गई हैं। बचाव दल मलबे में फंसे करीब 200 लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, 157 लोगों के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है, जिनकी तलाश लगातार जारी है।
7.5 अरब डॉलर के नुकसान का अनुमान
सरकारी आकलन के अनुसार, इस आपदा से देश को करीब 7.5 अरब डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है, जो वेनेजुएला की सकल घरेलू उत्पाद का लगभग सात प्रतिशत बताया जा रहा है। हालात को देखते हुए सरकार ने राहत और बचाव कार्य में लगे कर्मियों की संख्या 4,200 से बढ़ाकर 11,500 कर दी है। इनमें नेशनल गार्ड, सशस्त्र बल, पुलिस और सेना के जवान शामिल हैं।
हवाई अड्डा बंद, तेल उत्पादन पर भी असर
भूकंप के बाद माइक्वेटिया स्थित सिमोन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को एहतियातन बंद कर दिया गया है। देश के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है, जिससे प्रतिदिन लगभग 12 लाख बैरल कच्चे तेल के उत्पादन पर असर पड़ा है। हालांकि अधिकारियों के अनुसार, देश के प्रमुख तेल और गैस ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान नहीं पहुंचा है। काराबोबो राज्य का दूसरा सबसे बड़ा पेट्रोकेमिकल संयंत्र अस्थायी रूप से बंद रहने के बाद फिर से चालू कर दिया गया है।
वैश्विक मदद के लिए कई देश आए आगे
आपदा के बाद कई देशों और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों ने वेनेजुएला की सहायता का ऐलान किया है। स्पेसएक्स ने प्रभावित क्षेत्रों में एक महीने तक मुफ्त स्टारलिंक इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की है, ताकि संचार व्यवस्था बहाल करने और राहत कार्यों में तेजी लाई जा सके। इसके अलावा भारत और चिली ने भी राहत एवं बचाव टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा है।
