भाई को बुलाती हूं… फिर भी नहीं रुके शोहदे, समस्तीपुर में बीच सड़क लड़की से बदसलूकी का वीडियो वायरल
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर से लड़की के साथ बीच सड़क बदसलूकी का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। लड़की अकेले ही उनका विरोध करती दिखाई देती है और खुद को बचाने के लिए ‘भाई को बुलाती हूं’ कहती है।
वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड की है। बुधवार को सड़क किनारे फोटो लेने के लिए रुकी लड़की को तीन युवकों ने कथित तौर पर घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज व बदसलूकी की।
बीच सड़क घेरकर की अभद्रता
बताया जाता है कि लड़की एक युवक के साथ बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी। दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और लड़की को घेर लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की।
वायरल वीडियो में लड़की युवकों का लगातार विरोध करती नजर आ रही है। वीडियो में कुछ युवक उसके पीछे-पीछे चलते दिखाई देते हैं। आरोप है कि इस दौरान लड़की को बीच सड़क पर खींचा गया और उसके साथ गलत तरीके से छूने की हरकत की गई। युवक उससे नाम और पता भी पूछते नजर आ रहे हैं।
‘भाई को बुलाती हूं’ कहती रही लड़की
वीडियो में लड़की खुद को बचाने के लिए युवकों को रोकने की कोशिश करती दिख रही है। वह गुस्से में उनसे कहती है कि ‘भाई को बुलाती हूं’। हालांकि, वीडियो में नजर आ रहे युवकों पर उसकी बात का असर होता नहीं दिखता। वे उसे परेशान करते रहते हैं और उससे भाई को बुलाने के लिए कहते हैं।
घटना के दौरान सड़क पर कई लोग मौजूद दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कुछ लोग मोबाइल से रिकॉर्डिंग करते और कुछ हंसते हुए नजर आते हैं। इस बीच लड़की अकेले ही भीड़ के बीच युवकों का विरोध करती रहती है।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में
घटना का वीडियो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर एसपी ने तत्काल जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर दो युवकों की पहचान कर ली है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की भूमिका के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
