अमेरिका में Essar का 15 अरब डॉलर का मेगा स्टील प्रोजेक्ट, आयोवा में बनेगा प्लांट; 2030 से शुरू होगा उत्पादन
नई दिल्ली: भारत के एस्सार समूह ने अमेरिका में बड़े निवेश की योजना का ऐलान किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में आयोवा में 15 अरब डॉलर के स्टील कॉम्प्लेक्स की घोषणा की। एस्सार समूह की कंपनी मेसाबी मेटालिक्स इस परियोजना को विकसित करेगी। इसके पहले चरण में हर साल 75 लाख टन स्टील उत्पादन की क्षमता विकसित की जाएगी। परियोजना में पहली बार स्टील उत्पादन 2030 में शुरू होने की उम्मीद है।
एस्सार समूह के चेयरमैन रेवंत रुइया भी घोषणा के दौरान ट्रंप के साथ मौजूद रहे। रुइया ने अमेरिका में विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए ट्रंप का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आयोवा में स्टील कॉम्प्लेक्स तैयार होने के बाद खनन से लेकर स्टील उत्पादन तक पूरी तरह एकीकृत आपूर्ति श्रृंखला तैयार हो जाएगी।
मिनेसोटा की खदान से आयोवा पहुंचेगा लौह अयस्क
मेसाबी मेटालिक्स इस परियोजना को एकीकृत संचालन के रूप में विकसित करेगी। कंपनी मिनेसोटा में अपनी लौह अयस्क खदान से निकाले गए अयस्क को आयोवा पहुंचाएगी, जहां इससे स्टील का उत्पादन किया जाएगा।
परियोजना के पहले चरण में सालाना 75 लाख टन स्टील उत्पादन की क्षमता होगी। आगे चलकर इस क्षमता को बढ़ाकर 1 करोड़ टन प्रतिवर्ष तक किया जा सकता है। कंपनी को उम्मीद है कि 2030 में पहली बार स्टील का उत्पादन शुरू हो जाएगा।
यह स्टील प्लांट मिनेसोटा के नैशवॉक में मेसाबी मेटालिक्स की नई लौह अयस्क खदान से जुड़ा होगा। कंपनी इस खदान के विकास पर पहले ही 2.5 अरब डॉलर से अधिक खर्च कर चुकी है। ट्रंप ने इसे अमेरिका में 50 साल से अधिक समय में शुरू होने वाली पहली नई लौह अयस्क खदान बताया है।
नई खदान से 350 और प्लांट से 1,750 स्थायी नौकरियां
मिनेसोटा की मेसाबी आयरन रेंज करीब 80 से 100 मील तक फैली हुई है। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के मुताबिक, 20वीं सदी में अमेरिका के कुल लौह अयस्क उत्पादन में इस क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 60 फीसदी रही थी।
नई खदान से हर साल लगभग 75 लाख टन लौह अयस्क निकलने की उम्मीद है। इससे मिनेसोटा में करीब 350 नौकरियां पैदा हो सकती हैं। वहीं, आयोवा में स्टील प्लांट शुरू होने के बाद कम से कम 1,750 स्थायी रोजगार मिलने का अनुमान है।
प्लांट के निर्माण के दौरान 5,000 से 6,000 अतिरिक्त नौकरियां भी पैदा होने की उम्मीद है। व्हाइट हाउस के मुताबिक, निर्माण और शुरुआती 10 वर्षों के संचालन को मिलाकर परियोजना से करीब 95 अरब डॉलर का कुल आर्थिक प्रभाव पड़ सकता है।
अमेरिका में एस्सार का कुल निवेश 18 अरब डॉलर
डोनाल्ड ट्रंप के मुताबिक, एस्सार समूह अमेरिका में कुल 18 अरब डॉलर का निवेश कर रहा है। आयोवा में प्रस्तावित स्टील प्लांट के जरिए अमेरिकी स्टील और खनन क्षेत्र में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होने की उम्मीद है।
इसी महीने एक संघीय एजेंसी ने इस परियोजना के लिए 10 अरब डॉलर तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही थी। परियोजना के लिए आयोवा को चुनने के पीछे बिजली की लागत को भी एक कारण माना जा रहा है। स्टील उत्पादन में बिजली की लागत अहम होती है और आयोवा में वाणिज्यिक बिजली की कीमत मिनेसोटा की तुलना में कुछ कम है।
इसके अलावा आयोवा अमेरिका के मध्य क्षेत्र के बड़े बाजारों और औद्योगिक ग्राहकों के करीब है। इससे तैयार स्टील को प्रमुख औद्योगिक बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा हो सकती है।
ट्रंप की स्टील नीति से भी जुड़ा है प्रोजेक्ट
आयोवा की यह परियोजना ट्रंप प्रशासन की अमेरिका में विनिर्माण बढ़ाने की नीति से भी जुड़ी है। ट्रंप ने स्टील आयात पर शुल्क बढ़ाकर 50 फीसदी कर दिया है। उनका कहना है कि इससे कंपनियों को विदेश से स्टील मंगाने के बजाय अमेरिका में ही उत्पादन इकाइयां स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
परियोजना के ऐलान के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी स्टील उद्योग तेजी से मजबूत हो रहा है। उनके मुताबिक, कंपनियां अमेरिका में नए प्लांट लगा रही हैं ताकि दूसरे देशों से आने वाले स्टील पर लगाए गए शुल्क से बचा जा सके।
