मथुरा-वृंदावन में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, 48 गाड़ियों के काफिले के साथ कई होटलों और ठिकानों पर छापा

it_raid_1743514848315_1794561784913_f4ts_b5911527-6835-4b67-9ff1-de43f938d43b_23re
मथुरा: आयकर विभाग की कार्रवाई से शुक्रवार को मथुरा-वृंदावन के कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया। गाजियाबाद से पहुंची विभाग की अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब पांच बजे एक साथ कई बड़े ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। करीब 48 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीमों ने वृंदावन के रेडिसन होटल और मथुरा के धौली प्याऊ इलाके में कारोबारी शंकर सेठ के तीनों गुरुकृपा होटलों समेत कई अन्य स्थानों पर जांच की। कार्रवाई कई घंटे तक चली और इस दौरान व्यापारियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।

आयकर विभाग की इस कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया था। शुक्रवार तड़के अधिकारियों की टीमें गाजियाबाद से मथुरा पहुंचीं और अलग-अलग समूहों में बंटकर निर्धारित ठिकानों पर एक साथ पहुंचीं। प्रतिष्ठानों में जांच शुरू करने के बाद टीमों ने कारोबारी रिकॉर्ड, बहीखाते, कंप्यूटर डाटा और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की पड़ताल की। खबर के मुताबिक, अधिकारियों ने इन रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

फिर चर्चा में आया कारोबारी शंकर सेठ का नाम

आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद कारोबारी शंकर सेठ का नाम एक बार फिर चर्चा में है। मथुरा-वृंदावन के होटल और रियल एस्टेट कारोबार में उनकी बड़ी भूमिका बताई जाती है। इससे पहले भी उनका नाम कई विवादों के संदर्भ में सामने आ चुका है।

इनमें वृंदावन के चर्चित डालमिया बाग में पेड़ों की कटाई का मामला प्रमुख रहा है। आरोप था कि पर्यावरण नियमों की अनदेखी कर रातोंरात सैकड़ों पेड़ काट दिए गए थे। इस प्रकरण ने प्रदेश स्तर पर हलचल मचाई थी। मामले में प्रशासन और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने सख्त रुख अपनाया था। इसके बाद जुर्माने और कानूनी कार्रवाई की गई थी।

छापेमारी में क्या मिला, विभाग ने नहीं दी जानकारी

सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि आयकर विभाग की जांच का दायरा डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े कुछ अन्य लोगों और संपत्ति कारोबारियों तक भी पहुंचा है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छापेमारी के दौरान विभाग की टीमों को क्या मिला और इस कार्रवाई के पीछे क्या वजह है, इस बारे में अधिकारियों ने कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। विभाग की ओर से आधिकारिक बयान सामने नहीं आने के कारण कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। वहीं, मथुरा-वृंदावन के व्यापारिक हलकों में दिनभर इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का दौर चलता रहा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र