आंगन में खेल रही 4 साल की बच्ची पर तेंदुए का कहर, मुंह में दबोचकर घसीटा; अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तेंदुए के हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के निशानगढ़ा रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुरवा के मुखिया फार्म गांव में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर के आंगन में खेल रही चार साल की मासूम बच्ची को तेंदुए ने अपना शिकार बना लिया। हमले के बाद बच्ची की मौत हो गई, जिससे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
आंगन से उठाकर ले गया तेंदुआ
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मनोज की चार वर्षीय बेटी अनुष्का घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान पास के गन्ने के खेत से निकलकर आए तेंदुए ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया और उसे मुंह में दबोचकर घसीटते हुए ले जाने लगा। परिजनों की नजर पड़ते ही उन्होंने शोर मचाया और बच्ची को बचाने के लिए दौड़ पड़े।
50 मीटर दूर छोड़कर झाड़ियों में छिपा तेंदुआ
परिजनों के शोर और लोगों की हलचल देख तेंदुआ बच्ची को घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर छोड़कर पास की नहर की झाड़ियों में छिप गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तुरंत गोद में उठाकर अस्पताल लेकर रवाना हुए।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
परिजनों के मुताबिक, तेंदुए के हमले में बच्ची के गले और नाक पर गहरे जख्म थे। हालत बेहद नाजुक थी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

गांव में दहशत, वन विभाग और पुलिस को सूचना
घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य से सटे होने के कारण इलाके में जंगली जानवरों की आवाजाही पहले भी देखी जाती रही है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भय का माहौल है और लोग खासकर शाम के समय घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
