शादी के बाद Rashmika-Vijay की फिल्म ‘Ranabaali’ का फर्स्ट लुक जारी, पोस्टर की टाइमिंग पर उठे सवाल

नई दिल्ली। 26 फरवरी 2026 को उदयपुर में पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी के बंधन में बंधे Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। एक ओर उनकी वेडिंग फोटोज तेजी से वायरल हो रही हैं, तो दूसरी तरफ उनकी आगामी फिल्म Ranabaali का पहला पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। शादी के ठीक बाद फिल्म का फर्स्ट लुक सामने आने से फैंस के बीच नई चर्चा शुरू हो गई है।
‘Ranabaali’ से सामने आया पहला लुक
फिल्म ‘राणाबाली’ की घोषणा पहले ही हो चुकी थी, लेकिन शादी के बाद मेकर्स ने दोनों सितारों का पहला पोस्टर जारी कर सरप्राइज दे दिया। T-Series के बैनर तले बन रही इस फिल्म के पोस्टर में विजय देवरकोंडा ‘राणाबाली’ के इंटेंस अवतार में नजर आ रहे हैं, जबकि रश्मिका मंदाना ‘जयम्मा’ के किरदार में दिखाई दे रही हैं। दोनों का साउथ इंडियन लुक और गंभीर अंदाज मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पोस्टर में दोनों की केमिस्ट्री और दमदार प्रेजेंस ने फैंस का ध्यान खींचा है। शादी के बाद यह उनकी पहली ऑन-स्क्रीन झलक मानी जा रही है, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है।
पोस्टर की टाइमिंग पर सोशल मीडिया में बहस

हालांकि पोस्टर रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर सवालों की बाढ़ भी आ गई है। कई यूजर्स पोस्टर की टाइमिंग को लेकर चर्चा कर रहे हैं। शादी के महज दो दिन बाद फिल्म का फर्स्ट लुक जारी किए जाने पर कुछ लोगों ने इसे फिल्म का पीआर स्टंट तक बता दिया।
कमेंट बॉक्स में एक यूजर ने लिखा, “मत कहना कि यह सब मूवी पीआर है।” दूसरे ने टिप्पणी की, “मूवी के लिए शादी करना पड़ता है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “पोस्टर रिलीज करने की क्या टाइमिंग है।” कुछ यूजर्स ने इसे ‘प्री-वेडिंग फोटोशूट’ जैसा बताया, तो किसी ने मजाकिया अंदाज में ‘डायरेक्टर की ख्वाहिश’ करार दिया।
फिलहाल, शादी और फिल्म—दोनों ही वजहों से रश्मिका और विजय चर्चा के केंद्र में हैं। अब देखना होगा कि ‘राणाबाली’ पर्दे पर दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरी उतरती है।
