पश्चिमी यूपी में सियासी पकड़ मजबूत करने की कवायद: 25 अप्रैल को गाजियाबाद में किसानों से संवाद करेंगे अखिलेश यादव

akhilesh-yadav-photo-1776823589916_v

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के राजनीतिक समीकरण साधने की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी कड़ी में दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा सम्मेलन’ के बाद अब वह पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद में किसानों के साथ बड़ा संवाद कार्यक्रम करने जा रहे हैं।

25 अप्रैल को ‘विजन इंडिया’ के तहत गाजियाबाद में आयोजन

समाजवादी पार्टी की ‘विजन इंडिया’ पहल के तहत यह कार्यक्रम 25 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान अखिलेश यादव किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को विस्तार से सुनेंगे। पार्टी की कोशिश है कि इस मंच के जरिए किसानों से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक एजेंडे में मजबूती से शामिल किया जाए।

किसानों की समस्याओं पर रहेगा फोकस, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

कार्यक्रम में मुख्य रूप से खाद और बीज की उपलब्धता, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP), मौसम की मार से फसलों को हो रहा नुकसान और खेती की बढ़ती लागत जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही गन्ना और आलू किसानों की परेशानियों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार अखिलेश यादव किसानों को राहत देने और उनकी आय बढ़ाने के लिए अपनी रणनीति और योजनाओं की जानकारी भी साझा करेंगे।

किसान संगठनों और विशेषज्ञों को भी किया गया आमंत्रित

इस संवाद कार्यक्रम में किसान संगठनों के प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान और कृषि विशेषज्ञों को भी शामिल किया गया है। खास बात यह है कि कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग पर भी विशेषज्ञों से चर्चा की जाएगी, जिससे खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर फोकस रहेगा।

विजन इंडिया को यूपी में विस्तार देने की रणनीति

समाजवादी पार्टी इससे पहले अन्य राज्यों में ‘विजन इंडिया’ कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है, लेकिन उत्तर प्रदेश में यह पहला बड़ा आयोजन होगा। इसे पश्चिमी यूपी में पार्टी की राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी का मानना है कि किसानों के मुद्दों को केंद्र में रखकर वह ग्रामीण वोट बैंक को साधने में सफल हो सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र