रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर में शुरू हुआ इमरजेंसी कोटा, अब अचानक सफर करना होगा आसान

vande-bharat-news-1770852616215_v

प्रयागराज। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। प्रयागराज समेत विभिन्न मार्गों से गुजरने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस और आने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में अब इमरजेंसी कोटा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए रेलवे बोर्ड ने नया सर्कुलर जारी कर इस व्यवस्था को मंजूरी दे दी है, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रा करना आसान हो सकेगा।

अब तक नहीं थी आपातकालीन सीट की सुविधा
अब तक इन ट्रेनों में केवल महिला, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक और ड्यूटी पास श्रेणी के लिए ही सीट आरक्षण की व्यवस्था थी। गंभीर बीमारी, पारिवारिक आपदा या जरूरी सरकारी ड्यूटी जैसी स्थितियों में टिकट मिलना बेहद मुश्किल हो जाता था, क्योंकि इमरजेंसी कोटा उपलब्ध नहीं था।

अमृत भारत ट्रेनों में तय की गई सीटों की संख्या
रेलवे बोर्ड के नए आदेश के मुताबिक, जिन अमृत भारत ट्रेनों में सात या उससे अधिक स्लीपर कोच होंगे, उनमें 24 बर्थ इमरजेंसी कोटा के तहत आरक्षित रखी जाएंगी। इससे अचानक यात्रा की जरूरत पड़ने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

वंदे भारत स्लीपर में भी लागू होगा नियम
वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में सीटों की संख्या कोच श्रेणी और दिन के आधार पर तय की जाएगी, यानी कार्यदिवस और सप्ताहांत में सीटों का आवंटन अलग-अलग हो सकता है। हालांकि अभी प्रयागराज से वंदे भारत स्लीपर का संचालन शुरू नहीं हुआ है।

बुकिंग शुरू होते ही लागू मानी जाएगी व्यवस्था
रेलवे बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह प्रावधान अग्रिम आरक्षण अवधि की शुरुआत से ही प्रभावी माना जाएगा। साथ ही जोनल रेलवे को अधिकार दिया गया है कि मांग और उपलब्धता के अनुसार समय-समय पर इस कोटे की समीक्षा कर उसमें आवश्यक बदलाव कर सके।

अचानक यात्रा करने वालों को सबसे ज्यादा लाभ
सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, इस फैसले से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा जिन्हें अचानक किसी कारणवश यात्रा करनी पड़ती है और सामान्य बुकिंग में सीट मिलना संभव नहीं हो पाता।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र