फर्रुखाबाद में पत्नी की निर्मम हत्या, भतीजे से प्रेम प्रसंग के शक में वारदात; शव के पास चाकू लेकर बैठा रहा पति

फर्रुखाबाद जिले के खलासपुर जरारी गांव में बुधवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भतीजे से कथित प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति चाकू हाथ में लेकर पत्नी के शव के पास बैठा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हत्यारोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
मृतका की पहचान 35 वर्षीय अनीता देवी उर्फ नन्ही देवी के रूप में हुई है। आरोपी पति सांचेलाल कठेरिया गुजरात में नौकरी करता है और मंगलवार को ही गांव लौटा था। परिजनों के मुताबिक, अनीता का उसके 22 वर्षीय भतीजे विशाल कठेरिया से प्रेम संबंध होने का शक लंबे समय से था, इसी बात को लेकर घर में तनाव बना हुआ था।
दोपहर में हुआ विवाद, बच्चों को छत पर भेजकर दिया अंजाम
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सांचेलाल ने पत्नी से प्रेम प्रसंग को लेकर सवाल-जवाब किए। कहासुनी बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई। इसी दौरान सांचेलाल ने अपने बच्चों को छत पर खेलने भेज दिया। इसके बाद उसने पहले गला दबाया और फिर चाकू से वार कर अनीता की हत्या कर दी।
हत्या के बाद भी सांचेलाल का व्यवहार सामान्य नहीं था। वह पत्नी के शव के पास बैठा रहा और उसका सिर सहलाता रहा। घर में मौजूद भतीजी काजल ने घटना देख पड़ोसियों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी हिरासत में

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हत्यारोपी सांचेलाल को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से चाकू भी बरामद किया गया। सीओ अजय वर्मा और थानाध्यक्ष राजेश राय ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
भाई-भाभी की पहले हो चुकी है मौत
परिवार की स्थिति भी बेहद संवेदनशील बताई जा रही है। सांचेलाल के भाई रामतीरथ और भाभी सीमा की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। उनके चार बच्चों में से काजल, सोनम और बादल सांचेलाल के साथ ही रहते हैं, जबकि बड़ा बेटा विशाल हैदराबाद में नौकरी करता है और घटना के समय वहीं था।
