सस्ते इंटरनेट में BSNL का बड़ा धमाका! Airtel-Jio पीछे, स्पीड और परफॉर्मेंस में नंबर 1 बना सरकारी नेटवर्क

देश के इंटरनेट यूजर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने इंटरनेट क्वालिटी के मामले में निजी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। खासतौर पर फिक्स्ड-लाइन इंटरनेट सेगमेंट में BSNL ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है, जिससे सस्ते और भरोसेमंद इंटरनेट की तलाश कर रहे लोगों को बड़ा विकल्प मिला है।
nPerf रिपोर्ट में BSNL सबसे आगे
फ्रांस की कंपनी nPerf की नई रिपोर्ट के अनुसार, BSNL ने 89,174 एनप्वांट्स के साथ टॉप पोजिशन हासिल की है। वहीं Airtel 74,975 अंकों के साथ दूसरे और Jio 73,957 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। यह रैंकिंग सिर्फ स्पीड नहीं, बल्कि इंटरनेट के पूरे अनुभव के आधार पर तय की जाती है।
क्या है एनप्वांट्स का मतलब?
एनप्वांट्स इंटरनेट की ओवरऑल परफॉर्मेंस को दर्शाने वाला स्कोर होता है। इसमें डाउनलोड और अपलोड स्पीड के अलावा ब्राउजिंग, वीडियो स्ट्रीमिंग और नेटवर्क स्थिरता जैसे कई अहम फैक्टर्स को शामिल किया जाता है। इसी पैमाने पर BSNL ने बाजी मारी है।
अपलोड स्पीड में BSNL का दबदबा
रिपोर्ट के अनुसार, BSNL की अपलोड स्पीड 75.26 Mbps दर्ज की गई, जो Jio (33.46 Mbps) और Airtel (38.71 Mbps) के मुकाबले लगभग दोगुनी है। वहीं डाउनलोड स्पीड में भी BSNL ने सालाना आधार पर 21 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 78.5 Mbps तक पहुंच बनाई है।
लेटेंसी और स्ट्रीमिंग में भी शानदार प्रदर्शन
ऑनलाइन गेमिंग और वीडियो कॉलिंग के लिए अहम मानी जाने वाली लेटेंसी में भी BSNL सबसे स्थिर नेटवर्क साबित हुआ है। इसके अलावा यूट्यूब स्ट्रीमिंग और वेब ब्राउजिंग के दौरान यूजर्स को स्मूद और बिना रुकावट का अनुभव मिला है।

फाइबर स्पीड में निजी कंपनियां आगे
हालांकि हाई-स्पीड फाइबर ब्रॉडबैंड के मामले में अभी भी निजी कंपनियों का दबदबा कायम है। Airtel 241.72 Mbps के साथ पहले स्थान पर है, उसके बाद Jio 225.18 Mbps और BSNL 198.54 Mbps के साथ तीसरे स्थान पर है।
मार्केट शेयर में अभी भी पिछड़ा BSNL
बेहतर परफॉर्मेंस के बावजूद बाजार हिस्सेदारी में BSNL अभी पीछे है। Jio 31.36 प्रतिशत के साथ सबसे आगे है, जबकि Airtel 21.34 प्रतिशत पर दूसरे और BSNL 15.45 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है।
क्या आम यूजर्स के लिए सही विकल्प?
कम कीमत, बेहतर अपलोड स्पीड और स्थिर नेटवर्क के चलते BSNL अब खासकर मिडिल क्लास यूजर्स के लिए मजबूत विकल्प बनता जा रहा है। वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन क्लासेस और वीडियो कॉलिंग जैसे कामों के लिए यह एक किफायती और भरोसेमंद विकल्प साबित हो सकता है।
