ईरान ने भारत को कहा ‘सच्चा साथी’, संकट के समय समर्थन पर जताया आभार

ANI-20260408306-0_1776047745625_1776047757614

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत की भूमिका को लेकर ईरान की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा है कि मुश्किल वक्त में भारत ने ईरान का साथ देकर सच्ची एकजुटता दिखाई, जिसके लिए ईरान हमेशा आभारी रहेगा।

नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए इलाही ने भारत सरकार और यहां के लोगों का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हाल के तनावपूर्ण हालात में भारत ने न सिर्फ समर्थन दिया, बल्कि संवेदना भी व्यक्त की, जो दोनों देशों के मजबूत रिश्तों को दर्शाता है।

कार्यक्रम में भारत के प्रति जताया आभार
नई दिल्ली स्थित ईरानी सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित इस सभा में इलाही ने कहा, “हम भारत सरकार के आभारी हैं, जिन्होंने हमारे साथ खड़े होकर एकजुटता दिखाई। इस कार्यक्रम में सरकार के अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी हमारे लिए सम्मान की बात है।” उन्होंने इसे सिर्फ श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर भी बताया।

लोगों की भागीदारी को बताया न्याय के प्रति प्रतिबद्धता
इलाही ने कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का संकेत है कि सच और न्याय के साथ खड़े होने वालों की कोई सीमा नहीं होती। उन्होंने भारत के लोगों द्वारा दिखाई गई संवेदना को विशेष रूप से सराहा।

खामेनेई की मौत के बाद बढ़ा तनाव
गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान पर हुए अमेरिकी और इजरायली हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था। इन घटनाओं के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को नया सर्वोच्च नेता बनाया गया।

भारत ने निभाई संतुलित कूटनीतिक भूमिका
संघर्ष के दौरान भारत ने लगातार शांति और संयम की अपील की। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से कई बार बातचीत कर हालात पर चर्चा की। साथ ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे अहम मुद्दों पर भी संवाद बनाए रखा गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भारत की भागीदारी
खामेनेई की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में भारत ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने हिस्सा लिया और सरकार की तरफ से श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र