देवरिया से सीएम योगी का बड़ा वार: ‘जनता के भरोसे से खिलवाड़ नहीं होगा’, सपा पर लगाया लूट और रामभक्तों को बदनाम करने का आरोप

cm-yogi-adityanath-on-ram-mandir-sit_V_jpg--1280x720-4g

देवरिया: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया दौरे के दौरान बरहज के बरांव क्षेत्र में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा दुरुपयोग प्रकरण में गठित विशेष जांच दल की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार जनता के भरोसे के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। इसके साथ ही उन्होंने रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

राम मंदिर मामले पर सरकार की कार्रवाई का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या प्रकरण को लेकर सरकार ने पहले ही विशेष जांच दल का गठन किया था और स्पष्ट किया था कि रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही जांच रिपोर्ट सामने आई, सरकार ने तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की और अपने वादे के अनुरूप कदम उठाए।

‘जनता के भरोसे का गलत इस्तेमाल नहीं होने देंगे’

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपने हर वादे पर अडिग है और सच्चाई को सामने लाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने श्रीराम के श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि जो लोग इस मामले को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं, उनकी मंशा ठीक नहीं है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यही वे लोग हैं जिन्होंने पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को लेकर सपा पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे ने पूर्वांचल के लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी सरकार ने इस परियोजना का टेंडर लगभग 15,800 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से जारी किया था। भाजपा सरकार बनने के बाद जब परियोजना की समीक्षा की गई तो पता चला कि इसके लिए आवश्यक भूमि तक उपलब्ध नहीं थी।

‘11,200 करोड़ में पूरा किया एक्सप्रेसवे, सपा की लूट रोकी’

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का निर्माण 11,200 करोड़ रुपये में पूरा कराया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय परियोजना में बड़े पैमाने पर लूट की तैयारी थी, जिसे डबल इंजन सरकार ने रोक दिया। उन्होंने कहा कि इसी कारण समाजवादी पार्टी बेचैन है। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि जब विपक्ष को कुछ हासिल नहीं हुआ तो वह जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने, रामभक्तों पर आरोप लगाने और अयोध्या धाम की छवि खराब करने का प्रयास कर रहा है।

राम मंदिर चढ़ावा मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान राम मंदिर चढ़ावा दुरुपयोग मामले का भी उल्लेख किया। इस प्रकरण में विशेष जांच दल अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पाण्डेय, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और श्री राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू शामिल हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र