महाराष्ट्र: प्लेन हादसे में मृत बॉडीगार्ड विदिप जाधव के परिजनों से मिलेंगी डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार, सतारा के लिए रवाना

मुंबई: बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास हुए निजी विमान हादसे में महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार के साथ उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) विदिप जाधव की भी मौत हो गई थी। हादसे के बाद डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार आज सतारा जिले के फलटण तालुका में विदिप जाधव के परिवार से मिलने के लिए रवाना हो गई हैं।
सुनेत्रा पवार सबसे पहले महाराष्ट्र के पहले मुख्यमंत्री यशवंतराव चव्हाण के कराड स्थित प्रीति संगम समाधि स्थल पर पुष्पहार अर्पित करेंगी। इसके बाद वह विदिप जाधव के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगी।
विदिप जाधव कौन थे?
विदिप जाधव मुंबई पुलिस के 2009 बैच के कांस्टेबल थे। उन्हें बारामती क्षेत्र में अजित पवार के चुनाव प्रचार के दौरान सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया था। विमान हादसे के समय वह ड्यूटी पर थे। जाधव अपने परिवार के साथ विटावा में रहते थे और उनके माता-पिता वृद्ध हैं। उनके दो बच्चे हैं—14 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा। पड़ोसियों के अनुसार, वह सभी के साथ घनिष्ठ संबंध रखने वाले और जिम्मेदार व्यक्ति थे।
हादसे में अन्य मौतें और सरकारी कार्रवाई
अजित पवार और विदिप जाधव के अलावा, इस विमान हादसे में फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली, स्टाफ सदस्य सुमित कपूर, और दोनों पायलट कैप्टन साहिल मदन और शम्भावी पाठक की भी मौत हुई। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।

महाराष्ट्र सरकार ने हादसे के बाद तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया और श्रद्धांजलि के रूप में सार्वजनिक अवकाश भी दिया। अजित पवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई और उनका अंतिम संस्कार बारामती में संपन्न हुआ।
