आधार ऐप का फुल वर्जन लॉन्च, अब घर बैठे मिनटों में ऐसे बदलें मोबाइल नंबर

नई दिल्ली। आधार यूजर्स के लिए बड़ी राहत की खबर है। UIDAI ने आधार ऐप का फुल और ऑल-न्यू वर्जन लॉन्च कर दिया है। यह नया वर्जन पहले के मुकाबले ज्यादा स्मार्ट, मॉडर्न और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। ऐप के इस बड़े अपग्रेड के साथ न सिर्फ इसका इंटरफेस पूरी तरह बदल गया है, बल्कि कई अहम सुविधाएं भी जोड़ दी गई हैं, जिससे आधार से जुड़ा काम अब पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है।
UIDAI ने पहले ही X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी थी कि 28 जनवरी को आधार ऐप का मेजर अपडेट जारी किया जाएगा। अब फुल वर्जन के लॉन्च के बाद यूजर्स डिजिटल तरीके से अपना आधार शेयर कर सकते हैं, किसी दूसरे व्यक्ति का आधार वेरिफाई कर सकते हैं और सबसे अहम बात यह कि अब मोबाइल नंबर अपडेट करने की सुविधा भी सीधे ऐप में मिल गई है।
कहीं भी और कभी भी अपडेट होगा मोबाइल नंबर
UIDAI ने अपने आधिकारिक X अकाउंट के जरिए आधार ऐप के फुल वर्जन लॉन्च की पुष्टि की है। पोस्ट में कहा गया है कि आधार अपनी सेवाओं का दायरा लगातार बढ़ा रहा है, ताकि आधार नंबर होल्डर कहीं से भी और कभी भी अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर सकें। इसका मतलब है कि अब आधार के लिए बार-बार सेंटर जाने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो गई है।
मोबाइल नंबर अपडेट के लिए दो-स्टेप वेरिफिकेशन
UIDAI ने साफ किया है कि नए मोबाइल नंबर अपडेट फीचर में पूरी तरह सुरक्षित दो-स्टेप वेरिफिकेशन प्रोसेस अपनाया गया है।
पहले स्टेप में पुराने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा।
दूसरे स्टेप में यूजर को आधार ऐप के जरिए फेस वेरिफिकेशन पूरा करना होगा।
दोनों प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही सिस्टम नए मोबाइल नंबर को आधार से लिंक करने की अनुमति देगा।

इस स्थिति में ऐप से नहीं बदलेगा नंबर
UIDAI ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि अगर किसी यूजर के पास पुराने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का एक्सेस नहीं है, तो वह ऐप के जरिए नंबर अपडेट नहीं कर पाएगा। ऐसे मामलों में यूजर को मोबाइल नंबर बदलवाने के लिए नजदीकी आधार एनरोलमेंट सेंटर जाना अनिवार्य होगा।
आधार ऐप से मोबाइल नंबर अपडेट करने का पूरा प्रोसेस
सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में नया आधार ऐप डाउनलोड और इंस्टॉल करें।
ऐप ओपन कर साइन इन करें।
स्क्रीन के नीचे दिख रहे पॉप-अप को ऊपर की ओर स्वाइप करें।
Services सेक्शन में जाकर My Aadhaar Update ऑप्शन चुनें।
अब Mobile Number Update पर टैप करें और Continue करें।
नया मोबाइल नंबर डालें और Send OTP पर क्लिक करें।
नए नंबर पर मिले OTP को दर्ज कर Verify करें।
इसके बाद आपको फेस वेरिफिकेशन स्क्रीन पर भेजा जाएगा।
Face Authenticate पर टैप कर Proceed करें।
फोन को स्थिर रखें और चेहरे को सर्कल के अंदर रखें।
सर्कल हरा होते ही आंख झपकाएं।
वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद पेमेंट पेज खुलेगा।
मोबाइल नंबर अपडेट के लिए 75 रुपये का भुगतान करें।
