ओडिशा के जाजपुर में दहीबड़ा खाने से बिगड़ी 58 लोगों की तबीयत, 27 बच्चे भी बीमार; जांच के लिए भेजे गए खाने और पानी के नमूने

dahi-vada-1777776523

ओडिशा के जाजपुर जिले से खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। जिले के एक गांव में दहीबड़ा खाने के बाद 58 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद सभी को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा। बीमार पड़ने वालों में 27 बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।

दहीबड़ा खाने के बाद शुरू हुई उल्टी और बुखार की शिकायत

जानकारी के मुताबिक मामला जाजपुर जिले के दशरथपुर ब्लॉक स्थित पातापुर गांव का है। शुक्रवार को गांव के एक स्थानीय विक्रेता से दहीबड़ा खाने वाले कई लोगों को अचानक उल्टी और तेज बुखार की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग बीमार पड़ गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

58 लोगों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

पुलिस के अनुसार, कुल 58 लोगों की तबीयत बिगड़ी है। सभी पीड़ितों को दशरथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

इलाज के बाद 21 लोगों को मिली छुट्टी

घटना को लेकर जाजपुर के जिला कलेक्टर अंबर कुमार ने बताया कि इलाज के बाद 21 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बाकी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे अस्पताल, जांच के लिए बनाई गईं तीन टीमें

मामले की जानकारी मिलते ही राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग जाजपुर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में दहीबड़ा खाने के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने की बात सामने आई है।

मंत्री ने बताया कि खाद्य पदार्थ और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया है।

70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत का भी मामला आया सामने

इस घटना के बीच भाजपा सांसद रबींद्र नारायण बेहरा का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों में 27 बच्चे शामिल हैं। सांसद के मुताबिक, 70 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौत हुई है, हालांकि वह अस्पताल नहीं पहुंची थीं। उनकी मौत का वास्तविक कारण मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि सभी मरीजों का इलाज जारी है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

गर्मी में बाहर का खाना बन सकता है खतरा

तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बाहर खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ लगातार सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। खराब या दूषित भोजन गर्मी के मौसम में फूड पॉइजनिंग और संक्रमण का बड़ा कारण बन सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र