‘हेलो! मैं DSP बोल रहा हूं…’ एक कॉल ने उड़ा दिए 69 हजार, लखनऊ में साइबर ठगी का नया मामला

लखनऊ में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को डराने की साजिश को अंजाम दिया है। जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-7 निवासी एक युवक को खुद को डीएसपी बताने वाले शख्स ने फोन कर गंभीर आरोपों में फंसाने की धमकी दी और महज कुछ ही मिनटों में उससे 69 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जानकीपुरम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फोन पर खुद को DSP बताकर दिखाई गिरफ्तारी की धमकी
पीड़ित शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो फरवरी की सुबह उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने सख्त लहजे में खुद को ‘डीएसपी भागलपुर’ बताया और कहा कि शिवम के खिलाफ मामला दर्ज है। जालसाज ने दावा किया कि प्रशासनिक टीम उनके बेहद करीब है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डाटा वायरल करने और बदनामी का डर दिखाया
आरोपी ने शिवम से कहा कि उसके पास उनकी निजी जानकारी मौजूद है और यदि वह सामने आ गई तो पूरे परिवार की बदनामी होगी। इतना ही नहीं, आठ साल की जेल की सजा का डर भी दिखाया गया। मानसिक दबाव और घबराहट में आकर शिवम ने बताए गए खाते में 69 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
ठगी का अहसास होने पर पुलिस से की शिकायत

पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब शिवम को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने तुरंत साइबर सेल से संपर्क किया और जानकीपुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
IP एड्रेस और मोबाइल नंबर से जालसाज की तलाश
जानकीपुरम इंस्पेक्टर विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कॉल करने वाले के मोबाइल नंबर और IP एड्रेस के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही जालसाज को पकड़ लिया जाएगा।
