दुबई घूमने जा रहे हैं? इन नियमों को नजरअंदाज किया तो ट्रिप पड़ सकती है भारी, IRCTC टूर से पहले जान लें जरूरी बातें

IRCTC-Dubai-package_V_jpg--1280x720-4g

विदेश यात्रा का सपना देख रहे लोगों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) गणतंत्र दिवस के मौके पर खास दुबई टूर पैकेज लेकर आया है। 4 रात और 5 दिन के इस स्पेशल पैकेज के जरिए भारतीय पर्यटकों को दुबई की लग्जरी, आधुनिकता और संस्कृति से रूबरू कराया जाएगा। हालांकि, इस ग्लैमरस ट्रिप को यादगार बनाने के साथ-साथ कुछ जरूरी नियमों और सावधानियों का पालन न किया गया तो यह यात्रा काफी महंगी भी पड़ सकती है।

इन शहरों से उठा सकते हैं IRCTC दुबई टूर का लाभ
IRCTC का यह टूर पैकेज जयपुर, दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद और कोच्चि से रवाना होने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध है। निगम के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से आने वाले लोगों को एक समूह में जोड़ना और विदेश में भारत की सांस्कृतिक विविधता और एकता को प्रदर्शित करना है।

पैकेज में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी
इस टूर पैकेज में रिटर्न फ्लाइट टिकट, थ्री-स्टार होटल में ठहरने की व्यवस्था, दुबई वीजा, ट्रैवल इंश्योरेंस, भोजन और एयर कंडीशन्ड बसों से साइटसीइंग शामिल है। पर्यटकों को डेजर्ट सफारी का रोमांचक अनुभव भी मिलेगा। पैकेज की कीमत प्रति व्यक्ति 94,730 रुपये तय की गई है।
यात्रा के दौरान पाम जुमेराह, मिरेकल गार्डन, बुर्ज अल अरब, गोल्ड और स्पाइस सूक जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में लाइट एंड साउंड शो भी इस टूर का हिस्सा है। इसके अलावा अबू धाबी की पूरे दिन की यात्रा और दुबई के मशहूर गोल्ड मार्केट में खरीदारी का मौका भी मिलेगा।

दुबई में घूमते समय इन नियमों का रखें खास ध्यान
दुबई भले ही एक आधुनिक और लग्जरी शहर हो, लेकिन यहां के कानून और सांस्कृतिक नियम बेहद सख्त हैं। सार्वजनिक स्थानों पर शालीन और पूरे कपड़े पहनना जरूरी है। खुलेआम शराब पीना, नशीली दवाओं का सेवन और सार्वजनिक जगहों पर अश्लील व्यवहार कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है।
बिना अनुमति किसी व्यक्ति की फोटो या वीडियो लेना भी परेशानी का कारण बन सकता है। सरकार, धर्म या शासक वर्ग के खिलाफ टिप्पणी करने से बचना चाहिए। यात्रा के दौरान केवल लाइसेंस प्राप्त टैक्सी या ऐप बेस्ड कैब का ही इस्तेमाल करें और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करें। इसके अलावा, सार्वजनिक स्थानों पर शारीरिक रूप से प्यार या स्नेह दिखाने को लेकर भी कड़े नियम लागू हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Samayik Sahara के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

एक नज़र