गर्मियों में चाय से हटाएं अदरक, डालें सौंठ का टुकड़ा, स्वाद के साथ सेहत का मिलेगा जबरदस्त फायदा
नई दिल्ली: गर्मियों में चाय पीने की आदत तो ज्यादातर लोगों की होती है, लेकिन इस मौसम में अदरक वाली चाय कई बार शरीर पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में आयुर्वेद के अनुसार अदरक की जगह सौंठ यानी सूखी अदरक का इस्तेमाल करना न सिर्फ स्वाद को बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिहाज से भी अधिक फायदेमंद माना जाता है।
गर्मियों में क्यों बेहतर है सौंठ वाली चाय
नई दिल्ली: आमतौर पर चाय में अदरक डालने से उसका स्वाद और खुशबू बढ़ जाती है, लेकिन इसकी गर्म तासीर गर्मियों में कई लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। इससे पेट भारीपन, गैस और ब्लोटिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। वहीं सौंठ, जो सूखी अदरक का रूप होती है, तुलनात्मक रूप से हल्की मानी जाती है और गर्मियों में शरीर पर कम गर्म प्रभाव डालती है।
पोषक तत्वों से भरपूर है सौंठ
सौंठ में कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और प्रोटीन के साथ-साथ थोड़ी मात्रा में हेल्दी फैट भी पाया जाता है। इसके अलावा यह आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम और फॉस्फोरस जैसे जरूरी मिनरल्स का भी अच्छा स्रोत मानी जाती है। ये पोषक तत्व शरीर की ऊर्जा बढ़ाने के साथ-साथ हड्डियों, मांसपेशियों और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं।
पाचन के लिए फायदेमंद मानी जाती है सौंठ वाली चाय
आयुर्वेद के अनुसार सौंठ को पाचन तंत्र के लिए बेहद लाभकारी माना गया है। गर्मियों में होने वाली गैस, अपच और पेट भारी होने की समस्या में यह राहत दे सकती है। सौंठ मेटाबॉलिज्म को सुधारने में भी मदद करती है और शरीर को दिनभर हल्का और सक्रिय बनाए रखने में सहायक होती है। इसके सेवन से शरीर में अनावश्यक गर्मी भी नहीं बढ़ती।
ऐसे बनाएं सौंठ वाली चाय
सौंठ वाली चाय बनाना बेहद आसान है। चाय बनाने के लिए पानी गर्म करते समय उसमें सौंठ का छोटा टुकड़ा कूटकर डाल दें। इसके बाद चायपत्ती, दूध और चीनी डालकर सामान्य तरीके से उबाल लें। चाहें तो सौंठ पाउडर का भी इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे समान स्वाद और लाभ प्राप्त होते हैं।
